UP: भाभी ने साथ जाने से किया इन्कार तो भाई की कर दी हत्या, तीन साल से चल रहे अफेयर का खौफनाक अंत, खुलासा
रायबरेली जिले के ठकुराइनखेड़ा मजरे सुदौली गांव निवासी बिंदा प्रसाद उर्फ सजीवन (45) की हत्या की वारदात का पुलिस ने बृहस्पतिवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक बिंदा प्रसाद की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके मौसेरे भाई राजकिशोर ने की थी। आरोपी का बिंदा प्रसाद की पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसमें बिंदा बाधा बना तो उसे रास्ते से हटा दिया। पुलिस ने आरोपी मौसेरे भाई को पकड़कर जेल भेज दिया है। गांव निवासी सजीवन की रविवार को गांव में ही जलजीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी की रखवाली के दौरान रविवार रात हत्या कर दी गई थी। पत्नी ललिता देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या की एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) रवि कुमार के मुताबिक वारदात के खुलासे के लिए सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार, बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने सजीवन की हत्या के मामले में उन्नाव जिले के बाबूखेड़ा मजरे बरौरा गांव निवासी राजकिशोर को पकड़ा है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक सजीवन उसकी मौसी का लड़का था। मृतक सजीवन की पत्नी ललिता व राजकिशोर के बीच बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। राजकिशोर उसे अपने साथ लेकर जाना था। ललिता अपने पति व बच्चों को छोड़ना नहीं चाहती थी। इसलिए उसके साथ जाने से इन्कार कर दिया था। एसपी के मुताबिक आरोपी राजकिशोर ने सोचा कि जब वह उसके पति की हत्या कर देगा तो उसका रास्ता साफ हो जाएगा। इसी कारण आरोपी ने सजीवन की हत्या करने की योजना बनाई। पानी की टंकी पर सोते समय बांके से हमला कर सजीवन की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी भाग निकला। जांच में पता चला है कि दोनों के बीच तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांका भी बरामद किया गया है।
#CityStates #Raebareli #CrimeInRaebareli #RaebareliNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 18, 2026, 18:32 IST
UP: भाभी ने साथ जाने से किया इन्कार तो भाई की कर दी हत्या, तीन साल से चल रहे अफेयर का खौफनाक अंत, खुलासा #CityStates #Raebareli #CrimeInRaebareli #RaebareliNews #VaranasiLiveNews
