झारखंड: पलामू में झोलाछाप के इलाज ने ली चार साल के मासूम की जान! इंजेक्शन लगते ही मुंह से निकलने लगा झाग

पलामू जिला अंतर्गत मनातू स्थित निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान चार वर्ष के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सर्दी और खांसी से पीड़ित बच्चे को परिजन इलाज के लिए ले गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद कथित झोलाछाप ने बच्चे को तीव्र एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगा दिया। इसके तुरंत बाद बच्चे के मुंह से झाग निकलने लगे और तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी स्थिति परिजन सर्दी और जुकाम की शिकायत पर अपने चार वर्षीय बेटे यंश को मनातू के निजी क्लीनिक में ले गए थे। वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे हायर एंटीबायोटिक इंजेक्शन दे दिया। दवा का असर होते ही बच्चा तड़पने लगा। उसकी सांसें तेज चलने लगीं और मुंह से अचानक झाग आने लगे। स्थिति बिगड़ती देख परिजन घबरा गए और बिना देर किए उसे निकटतम मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ असमय हुई इस मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। यंश अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी किलकारियों से घर में चहल-पहल रहती थी। बच्चे के पिता मिथिलेश यादव झारखंड मुक्ति मोर्चा के पंचायत सचिव हैं। परिजन अभी एक माह पूर्व हुए बच्चे के दादा के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाए थे कि इस हादसे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। माता-पिता और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल इस घटना ने मनातू और आसपास के इलाकों में चल रहे अवैध निजी क्लीनिकों की पोल खोल दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई ऐसे क्लीनिक संचालित हैं जिनके पास न तो कोई वैध पंजीकरण है और न ही वहां बैठने वाले चिकित्सकों की योग्यता स्पष्ट है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं की कमी के कारण ग्रामीणों को विवश होकर इन क्लीनिकों की शरण में जाना पड़ता है। हाल ही में उपायुक्त के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में अवैध नर्सिंग होम और क्लीनिकों को सील करने की कार्रवाई की गई थी। मनातू में इस प्रकार की घटना से स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

#CityStates #Ranchi #Jharkhand #PalamuNews #JharkhandNews #JharkhandHindiNews #ManatuNews #DeathOfAChildInPalamu #QuackDoctor #DeathInAPrivateClinic #IllegalClinic #MediniRaiMedicalCollegeHospital #JharkhandHealthDepartment #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 08, 2026, 15:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




झारखंड: पलामू में झोलाछाप के इलाज ने ली चार साल के मासूम की जान! इंजेक्शन लगते ही मुंह से निकलने लगा झाग #CityStates #Ranchi #Jharkhand #PalamuNews #JharkhandNews #JharkhandHindiNews #ManatuNews #DeathOfAChildInPalamu #QuackDoctor #DeathInAPrivateClinic #IllegalClinic #MediniRaiMedicalCollegeHospital #JharkhandHealthDepartment #VaranasiLiveNews