गाजियाबाद: डासना गेट पर दुकान में लगी आग, दमकलकर्मियों ने सिलिंडर निकाल टाला बड़ा हादसा
चौपला मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक दुकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। दुकान में रखे गैस सिलेंडरों तक आग पहुंचने का खतरा था। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने सबसे पहले दुकान का ताला तुड़वाकर अंदर रखे सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आसपास की मिठाई समेत अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। फायर विभाग के अनुसार, मंगलवार रात 12:08 बजे डासना गेट स्थित चौपला मंदिर के पास एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। अग्निशमन अधिकारी कोतवाली दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान में धोने-पत्तल और अन्य सामान काफी मात्रा में रखा था। दुकान पर ताला लगा हुआ था। आसपास कई दुकानें होने के कारण आग फैलने का खतरा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकान मालिक मुकेश गर्ग की मौजूदगी में ताला तुड़वाया गया। दमकलकर्मियों ने सबसे पहले दुकान के अंदर रखे गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला। इसके बाद होज पाइप की मदद से पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर स्थानीय पुलिस और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। दमकलकर्मियों की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
#CityStates #Ghaziabad #GhaziabadFire #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 10, 2026, 03:48 IST
गाजियाबाद: डासना गेट पर दुकान में लगी आग, दमकलकर्मियों ने सिलिंडर निकाल टाला बड़ा हादसा #CityStates #Ghaziabad #GhaziabadFire #VaranasiLiveNews
