जयपुर: एफआईआर पर बढ़ा टकराव, रातभर कमिश्नरेट में डटे डोटासरा-जूली; पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद भी धरना जारी
रितु बराला से कथित मारपीट के मामले में जयपुर में अलग एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर राजस्थान कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नरेट पर मोर्चा खोल रखा है। सोमवार शाम शुरू हुआ धरना बुधवार को भी जारी है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास समेत कई कांग्रेस नेता रातभर कमिश्नरेट परिसर में डटे रहे। नेताओं ने वहीं बिस्तर लगाकर रात गुजारी, लेकिन पुलिस और कांग्रेस के बीच एफआईआर दर्ज करने के मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। मंगलवार देर रात प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की के बाद तनाव बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान झोटवाड़ा निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल यादव के सिर में चोट आई, जबकि चार अन्य कार्यकर्ताओं को भी हल्की चोटें आईं। घटना की कवरेज करने बाहर निकले कुछ पत्रकारों को दोबारा कमिश्नरेट कार्यालय में प्रवेश नहीं देने की बात भी सामने आई। दिल्ली की एफआईआर पर अटका विवाद, कांग्रेस ने उठाए सवाल पूरे विवाद की जड़ दिल्ली में दर्ज एफआईआर और जयपुर में नई एफआईआर दर्ज कराने की मांग है। जयपुर पुलिस का कहना है कि 13 अक्टूबर को दिल्ली में हुए घटनाक्रम के संबंध में कनॉट प्लेस थाने में पहले से मामला दर्ज है। रितु बराला की शिकायत को भी उसी प्रकरण में शामिल कर जांच की जा रही है। इसी आधार पर पुलिस ने जयपुर में अलग एफआईआर दर्ज करने से इनकार किया है। दूसरी ओर, डोटासरा का तर्क है कि दिल्ली में दर्ज एफआईआर की विषयवस्तु अलग है और जयपुर में दी गई शिकायत पर अलग से मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने पुलिस से दिल्ली में दर्ज एफआईआर का विवरण स्पष्ट करने की मांग की। इस तरह एक ही घटनाक्रम को लेकर अलग एफआईआर दर्ज करने या मौजूदा मामले में ही जांच करने का सवाल पुलिस और कांग्रेस के बीच टकराव की वजह बना हुआ है। डोटासरा ने इस दौरान पुलिस कमिश्नर के मिलने की जगह को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि जयपुर पुलिस कमिश्नर कहां मिलेंगे। इस पर एक नेता ने जवाब दिया-भाजपा के बाड़े में। कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। यह भी पढें-विजयादशमी: जयपुर में रावण दहन के बीच सीएम भजनलाल का संदेश, आतंकवाद, भ्रष्टाचार और नशे पर प्रहार जरूरी राहुल गांधी के फोन के बाद कमिश्नरेट पहुंचे थे डोटासरा रितु बराला के मामले में कांग्रेस का विरोध उस समय तेज हुआ, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डोटासरा को फोन कर जयपुर में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा। इसके बाद डोटासरा सोमवार शाम करीब सवा छह बजे पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे और अधिकारियों के सामने अलग एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी। मंगलवार शाम को वैभव गहलोत भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कमिश्नरेट पहुंचे। इसके बाद भी पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी। कांग्रेस नेताओं ने परिसर में ही रात बिताने का फैसला किया और बुधवार को भी अपना विरोध जारी रखा। एफआईआर पर फैसला नहीं, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बढ़ा तनाव मंगलवार रात करीब 11 बजे प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की सूचना है। घटनाक्रम ने एफआईआर की मांग को लेकर चल रहे विरोध को और तीखा कर दिया। अब विवाद का मुख्य सवाल यह है कि रितु बराला की शिकायत पर जयपुर में अलग एफआईआर दर्ज होगी या पुलिस दिल्ली में पहले से दर्ज मामले में ही जांच आगे बढ़ाएगी। कांग्रेस अलग एफआईआर की मांग पर अड़ी है, जबकि पुलिस का कहना है कि शिकायत को मौजूदा प्रकरण में शामिल कर जांच की जा रही है। इसी गतिरोध के बीच कमिश्नरेट परिसर में कांग्रेस का धरना जारी है।
#CityStates #Jaipur #Rajasthan #RituBaralaCase #RituBaralaAssaultCase #JaipurPoliceCommissionerate #GovindSinghDotasara #TikaramJully #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 21, 2026, 02:30 IST
जयपुर: एफआईआर पर बढ़ा टकराव, रातभर कमिश्नरेट में डटे डोटासरा-जूली; पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद भी धरना जारी #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RituBaralaCase #RituBaralaAssaultCase #JaipurPoliceCommissionerate #GovindSinghDotasara #TikaramJully #VaranasiLiveNews
