चंडीगढ़ में सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा: ANTF पर हमला कर ड्रग्स तस्कर को छुड़ाया, तीन महिलाएं गिरफ्तार
चंडीगढ़ सेक्टर-26 में ड्रग्स तस्कर को पकड़ने पहुंची एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर उसे पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। शुक्रवार शाम लगभग पौने 6 बजे हुई इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा चला और अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले में सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर हमला और आरोपी को भगाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी निवासी आरोपी सुनील उर्फ नंदू की पत्नी ज्योति, भाभी रीना और रीना की बेटी शिल्पा शामिल हैं। वहीं गर्भवती होने के कारण नैना को मेडिकल जांच के बाद छोड़ दिया गया। पत्नी के साथ आया था आरोपी पुलिस के अनुसार एएनटीएफ के छह पुलिसकर्मी मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-26 टिंबर मार्केट स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रैप लगाकर बैठे थे। सूचना थी कि सुनील उर्फ नंदू 22 ग्राम ड्रग्स की डील करने आने वाला है। आरोपी स्कूटर पर अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उसे काबू कर लिया और पूछताछ के लिए साथ ले जाने लगी। शाम करीब 6 बजे जब टीम आरोपी को लेकर टिंबर मार्केट से खालसा कॉलेज के सामने पहुंची तो आरोपी की पत्नी और अन्य परिजन भी वहां पहुंच गए। परिवार के लोगों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया और आरोपी को साथ ले जाने से रोकने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि आरोपी से केवल पूछताछ की जानी है। पुलिस ने यह भी बताया कि उनके पास आरोपी की ड्रग्स डील से जुड़ी रिकॉर्डिंग मौजूद है लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी और पुलिस पर हमला कर दिया। इसी दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख एएनटीएफ टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना दी लेकिन पीसीआर और थाना पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटकर भाग निकला। घटना के दौरान सड़क पर भारी हंगामा हुआ और ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही एसएसपी कंवरदीप कौर ने मौके पर टीमें भेजीं और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एएनटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमंदरजीत सिंह भी टीम के साथ पहुंचे। बाद में महिला पुलिसकर्मियों ने चार महिलाओं को काबू कर सेक्टर-26 थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी का स्कूटर भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक सुनील उर्फ नंदू के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। हालांकि आरोपी के भाई शंकर ने दावा किया कि उसका भाई पुराने मामले में बरी हो चुका है। शंकर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने परिवार की महिलाओं, यहां तक कि गर्भवती नैना के साथ भी मारपीट की। नैना ने भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पेट और कमर पर लातें मारीं और थाने में भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है। - कंवरदीप कौर, एसएसपी
#Crime #Chandigarh #DrugTrafficker #ChandigarhPolice #Anti-narcoticsTaskForce #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 09, 2026, 09:02 IST
चंडीगढ़ में सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा: ANTF पर हमला कर ड्रग्स तस्कर को छुड़ाया, तीन महिलाएं गिरफ्तार #Crime #Chandigarh #DrugTrafficker #ChandigarhPolice #Anti-narcoticsTaskForce #VaranasiLiveNews
