बिहार: पिता की हत्या का बदला लेने के आरोप में घर में घुसकर हमला, वृद्ध पर फरसा से किया वार; बच्ची भी घायल
बिहार के मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र स्थित माताडीह नया टोला में पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार देर शाम खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहां एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगा है। हमले में वृद्ध मक्खन यादव के गले पर फरसा से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जबकि नौ वर्षीय बच्ची ब्यूटी कुमारी भी जख्मी हो गई। घटना के दौरान करीब 11 राउंड गोली चलने की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। घर में घुसकर किया हमला, जान बचाने के लिए भागे दंपती पीड़ित मुन्ना यादव और उनकी पत्नी अर्चना देवी के अनुसार, हमलावरों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों दूसरे घर में भाग गए। इस दौरान हमलावरों ने मुन्ना यादव के वृद्ध पिता मक्खन यादव के गले पर फरसा से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, नौ वर्षीय ब्यूटी कुमारी के हाथ में दांत काटकर उसे जख्मी कर दिया गया। एक साल पहले खेत में मिला था युवक का शव, हत्या का लगा था आरोप बताया जाता है कि करीब एक साल पहले योगेंद्र उर्फ चूहा यादव का शव खेत में मिला था। उस समय उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मुन्ना यादव को नामजद अभियुक्त बनाया था। हाल ही में मुन्ना यादव जेल से बाहर आया है। मुन्ना यादव और उनकी पत्नी का आरोप है कि योगेंद्र उर्फ चूहा यादव की मौत ठनका गिरने से हुई थी, लेकिन जमीन विवाद के कारण उन्हें हत्या के मामले में फंसा दिया गया। उनका दावा है कि जेल से छूटने के बाद से ही उन्हें हत्या की धमकियां मिल रही थीं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश में उनके परिवार को निशाना बनाया गया। छह लोगों पर हमले का आरोप, पुलिस कर रही जांच पीड़ित पक्ष ने अभिषेक कुमार, मुरारी यादव, सुमन, फूलो, बबलू और अंतु यादव पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मक्खन यादव को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। धरहरा थानाध्यक्ष अमरेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से फिलहाल कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है।
#CityStates #Bihar #Munger #BiharNews #CrimeNews #MurderRevenge #ViolentAttack #Firing #PoliceInvestigation #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 27, 2026, 13:51 IST
बिहार: पिता की हत्या का बदला लेने के आरोप में घर में घुसकर हमला, वृद्ध पर फरसा से किया वार; बच्ची भी घायल #CityStates #Bihar #Munger #BiharNews #CrimeNews #MurderRevenge #ViolentAttack #Firing #PoliceInvestigation #VaranasiLiveNews
