राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस की जीत पर आदित्य ठाकरे बोले- INDIA गठबंधन की शानदार विजय; भाजपा पर साधा निशाना

राजस्थान के स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों को कांग्रेस और INDIA गठबंधन की शानदार जीत बताया है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों के नतीजे देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को दर्शाते हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अब बैकफुट पर नजर आ रही है। आदित्य ठाकरे बोले- कांग्रेस और INDIA गठबंधन की शानदार जीत महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आदित्य ठाकरे ने राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम, पंचायत और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की है। ठाकरे ने बैलेट पेपर के इस्तेमाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल बंद कर दिया गया है, इसके बावजूद जहां बैलेट पेपर का इस्तेमाल नहीं हुआ, वहां भी कांग्रेस ने बड़ी संख्या में जीत हासिल की है। उनके मुताबिक, ये नतीजे देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को दिखाते हैं। गौरव गोगोई बोले- भाजपा सरकार बैकफुट पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरे देश में मेहनत जारी रखनी होगी, ताकि राहुल गांधी का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। गोगोई ने दावा किया कि मौजूदा सरकार अब बैकफुट पर है। उन्होंने संसद के आगामी नवंबर-दिसंबर सत्र की तारीखों का एलान नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार संसद को अपने तरीके से चला रही है और अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि शीतकालीन सत्र कब आयोजित होगा। 37 में से 27 जिला परिषदों में कांग्रेस को बहुमत कांग्रेस ने शुक्रवार को राजस्थान जिला परिषद चुनावों में अपने प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि बताया। पार्टी के मुताबिक, राज्य की 37 जिला परिषदों में से 27 में उसने बहुमत हासिल किया है। इनमें जयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे प्रमुख जिले भी शामिल हैं। वहीं, भाजपा को छह जिला परिषदों में बहुमत मिला, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने नागौर में बहुमत हासिल किया। कांग्रेस ने जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, बाड़मेर, भरतपुर, बीकानेर, झुंझुनूं, दौसा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, कोटपूतली-बहरोड़, चूरू, जालौर, टोंक, धौलपुर, फलोदी, बूंदी, भीलवाड़ा, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, हनुमानगढ़, डीग और बांसवाड़ा में जीत दर्ज की। जयपुर की 22 पंचायत समितियों में से 14 पर कांग्रेस का कब्जा जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 14 में जीत हासिल की। भाजपा को चौमूं और सांभर लेक में बहुमत मिला, जबकि आरएलपी ने सांगानेर में बहुमत हासिल किया। वहीं, अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी और दूदू में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।

#IndiaNews #National #RajasthanPanchayatElections #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 22, 2026, 06:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस की जीत पर आदित्य ठाकरे बोले- INDIA गठबंधन की शानदार विजय; भाजपा पर साधा निशाना #IndiaNews #National #RajasthanPanchayatElections #VaranasiLiveNews