Meerut News: युवती को होटल में बंधक बनाकर रखा, बचकर भागी तो सड़क पर पीटा
- भीड़ के जमा होने पर आरोपी भागा, युवती के आज होंगे बयान संवाद न्यूज एजेंसीमेरठ। सदर थाना क्षेत्र के आबूलेन के एक होटल स्क्वायर से मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक युवती (24) बचाओ-बचाओ चिल्लाती हुई सड़क की ओर भागी। उसके पीछे से सलमान नामक युवक दौड़कर आया। उसने उसके साथ मारपीट की और जबरन उठाकर वापस होटल के अंदर ले जाने लगा। इस दौरान भीड़ जमा हो गई और उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह युवती को वहीं छोड़कर होटल की तीसरी मंजिल से छत के रास्ते भाग गया। युवती ने बताया कि सोमवार से युवक ने चाकू के बल पर उसे होटल में बंधक बनाकर रखा था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। वहीं, अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद निवासी युवती ने बताया कि उसकी दोस्ती करीब एक साल पहले रोहटा रोड निवासी सलमान से हुई थी। वे दोनों मेरठ बाईपास स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। कुछ दिन पहले उसका रिश्ता परिजनों ने कहीं और तय कर दिया था। इसके बाद उसने सलमान से मिलना बंद कर दिया। सलमान शादीशुदा है। सोमवार को वह गाजियाबाद से अपनी सहेली से मिलने दिल्ली रोड पर आई थी। आरोपी सलमान भी वहां पहुंच गया और बातों में उलझाकर उसे आबूलेन के होटल स्क्वायर में ले आया और बंधक बनाकर रखा। कहता है कि उसकी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने देगा। वह जान बचाकर होटल से बाहर सड़क पर भागी तो सलमान ने उसे फिर से पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। आरोपी ने उसे दोबारा जबरन होटल में उठाकर ले जाने की कोशिश की। सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। वहीं, अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही सदर थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी सलमान के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। होटल मैनेजर को थाने लेकर पहुंची पुलिस पुलिस होटल के मैनेजर को एंट्री रजिस्टर सहित थाने लेकर पहुंची। इसके बाद उससे पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों ने होटल कर्मचारी पर आरोपी सलमान को भगाने का आरोप लगाया है। सीओ कैंट के अनुसार अब तक जांच में युवती की होटल में ठहरने संबंधी कोई एंट्री नहीं मिली। पुलिस अब होटल में युवती को ठहराने और घटना के दौरान हुई गतिविधियों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#YoungWomanHeldCaptiveInAHotel;BeatenOnTheStreetAfterManagingToEscape #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 25, 2026, 02:36 IST
Meerut News: युवती को होटल में बंधक बनाकर रखा, बचकर भागी तो सड़क पर पीटा #YoungWomanHeldCaptiveInAHotel;BeatenOnTheStreetAfterManagingToEscape #VaranasiLiveNews
