हिमाचल में एनसीबी की इकाई खोलने की गृह मंत्री से समक्ष रखेंगे मांग : राजेंद्र राणा

धर्मशाला। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की क्षेत्रीय इकाई अथवा विशेष कार्यालय स्थापित करने की मांग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाएंगे। धर्मशाला में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि इससे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई और बेहतर खुफिया समन्वय में मदद मिलेगी।राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा तैयार नशा मुक्त भारत-2029 का रोडमैप युवा पीढ़ी को बचाने का राष्ट्रीय संकल्प है। केंद्र सरकार ने ड्रग माफिया पर जीरो टॉलरेंस, आधुनिक निगरानी, वित्तीय जांच, ड्रग-फ्री कैंपस, पुनर्वास और जनभागीदारी जैसी बहुआयामी रणनीति तैयार की है। यह अभियान केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है बल्कि समाज, शिक्षण संस्थानों और सरकारों की साझा भागीदारी पर आधारित है। उन्होंने कहा कि 26 जून को आयोजित राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में भी नशे और आतंकवाद के खिलाफ समान दृढ़ता से कार्रवाई पर जोर दिया गया, क्योंकि नशे का अवैध कारोबार संगठित अपराध और आतंकवाद को भी आर्थिक मजबूती देता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से केंद्र के इस रोडमैप को हिमाचल में प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। राणा ने कहा कि हाल ही में कुछ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के नाम भी नशे से जुड़े मामलों में सामने आए हैं। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास बना रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा, महापौर शमशेर सिंह नैहरिया, भाजपा जिला संगठनात्मक अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु और बीडीसी चेयरमैन आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

#KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 13, 2026, 17:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




हिमाचल में एनसीबी की इकाई खोलने की गृह मंत्री से समक्ष रखेंगे मांग : राजेंद्र राणा #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #VaranasiLiveNews