खुलासा: क्या विदेशों के ट्रैफिक मॉडल भारत के लिए फेल हो रहे हैं? 36 हजार वाहनों के अध्ययन से मिला जवाब

भारतीय सड़कों पर लगने वाले जाम को समझना और उसका सही अनुमान लगाना आसान नहीं है। यहां एक ही सड़क पर कार, बस, ट्रक, ऑटो और दोपहिया वाहन अलग-अलग गति से चलते हैं। कई बार चालक तय लेन में चलने के बजाय सड़क पर खाली जगह देखकर अपनी दिशा बदल लेते हैं। ऐसे में विदेशों में तैयार किए गए यातायात मॉडल भारतीय सड़कों पर जाम की वास्तविक स्थिति का सही आकलन नहीं कर पा रहे हैं। आईआईटी गुवाहाटी के एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। शोधकर्ताओं ने दिल्ली के बाहरी इलाके में आठ लेन वाले हाईवे पर 36 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही का ड्रोन से अध्ययन किया। इसका मकसद यह समझना था कि भारतीय सड़कों पर वाहन किस तरह चलते हैं और भीड़ बढ़ने के साथ उनकी गति और उनके बीच की दूरी में क्या बदलाव आता है। अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं ने भारतीय परिस्थितियों के हिसाब से यातायात मॉडल विकसित करने की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि यहां के यातायात को समझने के लिए केवल विदेशों में तैयार किए गए पुराने तरीकों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। ड्रोन से कैसे जुटाया गया वाहनों की आवाजाही का आंकड़ा शोधकर्ताओं ने दिन के समय हाईवे पर ड्रोन उड़ाकर वाहनों की आवाजाही के वीडियो रिकॉर्ड किए। इन वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया गया। अध्ययन में प्रति सेकंड 10 फ्रेम की दर से कुल 89,38,920 डेटा पॉइंट जुटाए गए। इन आंकड़ों के आधार पर वाहनों की गति, सड़क पर एक समय में मौजूद वाहनों की संख्या और उनके बीच की दूरी का आकलन किया गया। इस तरह शोधकर्ताओं को यह समझने में मदद मिली कि अलग-अलग यातायात स्थितियों में सड़क पर वाहन किस तरह व्यवहार करते हैं। यह शोध इंटरनेशनल जर्नल ऑफ इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम्स रिसर्च में प्रकाशित हुआ है। इसका शीर्षक 'रेग्रेसन-बेस्ड मैक्रोस्कोपिक एंड माइक्रोस्कोपिक एनालिसिस ऑफ यूएवी बेस्ड डाटा ऑफ ए डिसऑर्डरली स्ट्रीम' है। शोधकर्ताओं में शेखर सिंह, सूर्या एच. रविकुमार और अखिलेश कुमार मौर्य शामिल हैं। क्या वाहनों की संख्या से ही जाम का सही अनुमान लगाया जा सकता है अध्ययन में सामने आया कि सड़क पर वाहनों की संख्या और उनके बीच की दूरी का संबंध हमेशा एक जैसा नहीं रहता। जब सड़क पर वाहन कम होते हैं तो वे एक-दूसरे से अधिक दूरी बनाकर चलते हैं। जैसे-जैसे वाहनों की संख्या बढ़ती है, उनके बीच का फासला कम होने लगता है। लेकिन जब यातायात जाम के करीब पहुंचता है तो वाहनों के बीच की दूरी फिर बढ़ती दिखाई देती है। इससे साफ होता है कि केवल सड़क पर मौजूद वाहनों की गिनती करके जाम की स्थिति का सही अनुमान नहीं लगाया जा सकता। अध्ययन में यह भी दर्ज किया गया कि जब यातायात पूरी तरह ठहर गया और वाहन चल नहीं रहे थे, तब सड़क की पूरी चौड़ाई में घनत्व करीब 900 वाहन प्रति किलोमीटर तक पहुंच गया। एक जैसी भीड़ में भी सभी वाहन समान गति से क्यों नहीं चलते शोधकर्ताओं ने वाहनों की गति और यातायात की स्थिति का अनुमान लगाने के लिए आठ अलग-अलग तरीकों की जांच की। इनमें छह पारंपरिक गणितीय तरीके और दो आधुनिक कंप्यूटर आधारित तरीके शामिल थे। अध्ययन में पाया गया कि सड़क पर भीड़ एक जैसी होने के बावजूद सभी वाहन एक समान गति से नहीं चलते। कार, बस, ट्रक, ऑटो और दोपहिया वाहनों की बनावट और उनके चलने के तरीके अलग होते हैं। इसके साथ ही चालक का व्यवहार भी वाहन की गति को प्रभावित करता है। कई चालक अपनी लेन में चलते हैं, जबकि कुछ उपलब्ध जगह के अनुसार रास्ता बदलते रहते हैं। इस अंतर को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने विशेष डायग्राम भी तैयार किए। इनसे यह समझा जा सकता है कि सड़क पर वाहनों का घनत्व समान होने पर भी उनकी गति कितनी अलग-अलग हो सकती है। भारतीय सड़कों के लिए अलग यातायात मॉडल क्यों जरूरी है अध्ययन का मुख्य निष्कर्ष है कि भारतीय सड़कों पर यातायात का व्यवहार विदेशी सड़कों से अलग है। यहां वाहनों की अलग-अलग श्रेणियां एक साथ चलती हैं और चालक भी हमेशा तय लेन का पालन नहीं करते। ऐसे में विदेशों में तैयार मॉडल इन परिस्थितियों को पूरी तरह नहीं पकड़ पाते। जाम का सही अनुमान लगाने के लिए वाहनों की संख्या के साथ उनकी गति, आपसी दूरी, वाहन के प्रकार और चालक के व्यवहार को भी समझना जरूरी है। आईआईटी गुवाहाटी का यह अध्ययन इसी दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी देता है। इससे भारतीय सड़कों की वास्तविक स्थिति के अनुसार यातायात को समझने और भविष्य में बेहतर मॉडल तैयार करने का रास्ता खुल सकता है।

#IndiaNews #National #IitGuwahati #IndianRoads #TrafficCongestion #DelhiHighway #DroneStudy #TrafficManagement #VehicleMovement #IntelligentTransportation #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 10, 2026, 02:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




खुलासा: क्या विदेशों के ट्रैफिक मॉडल भारत के लिए फेल हो रहे हैं? 36 हजार वाहनों के अध्ययन से मिला जवाब #IndiaNews #National #IitGuwahati #IndianRoads #TrafficCongestion #DelhiHighway #DroneStudy #TrafficManagement #VehicleMovement #IntelligentTransportation #VaranasiLiveNews