Yamuna Nagar News: बारिश से बदला मौसम, 30 डिग्री से कम हुआ तापमान
जगाधरी। दो दिन बारिश से जिले के मौसम में बदलाव आ गया। जिले में रविवार को पूरा दिन काले बादल छाए रहे। वहीं, तड़के हुई बारिश के बाद रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई। जिले में औसतन छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह से छाए घने बादल और धूप न निकलने से दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। दूसरी तरफ विभाग ने तीन-चार दिन मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है। इस दौरान बादल छाने होने से अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। तड़के हुई बारिश से सुबह शहर की सड़कों किनारे पानी जमा रहा। वहीं, बारिश से तापमान में कमी आई और रविवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवा ने वातावरण में ताजगी घोल दी। रविवार तड़के जिले में बारिश हुई और मौसम पूरी तरह पलट गया। मौसम में आए बदलाव से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार धान की रोपाई से पहले हुई यह बारिश खेतों के लिए लाभकारी साबित होगी। जिला कृषि उपनिदेशक डॉ. आदित्य डबास ने बताया कि बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ेगी। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से खेतों की तैयारी में मदद मिलेगी और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च बचेगा। दूसरी तरफ मौसम विभाग के अनुसार चार दिन तक जिले में बादल छाए रहने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान बादलवाई और हवा चलने से लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी। संवाद
#WeatherChangedDueToRain #TemperatureDroppedBelow30Degrees #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 02:15 IST
Yamuna Nagar News: बारिश से बदला मौसम, 30 डिग्री से कम हुआ तापमान #WeatherChangedDueToRain #TemperatureDroppedBelow30Degrees #VaranasiLiveNews
