Bijapur News: विश्व जैव विविधता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिया संरक्षण का संदेश

विश्व जैव विविधता दिवस 2026 के अवसर पर शुक्रवार को वन मंडल बीजापुर द्वारा इंद्रावती टाइगर रिजर्व एवं नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से तेंदूपत्ता हॉल, बीजापुर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना था। यह आयोजन वन मंडलाधिकारी रमेश जांगड़े एवं उप वन मंडलाधिकारी देवेंद्र गोंड के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कृषि विकास अधिकारी एवं जैव विविधता विशेषज्ञ बी. राव गोडबोले रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक संदीप बलगा (आईएफएस) उपस्थित थे। कार्यक्रम में उप वन मंडलाधिकारी अजय कावरे, मनोज बघेल, नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड सदस्य एम. सूरज सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ भी शामिल हुए। इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बीजापुर के समर कैंप में शामिल विद्यार्थियों ने चित्रकला, कविता एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता बचाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि बी. राव गोडबोले ने स्थानीय औषधीय पौधों एवं उनके पारंपरिक उपयोगों की जानकारी साझा करते हुए क्षेत्र में पाए जाने वाले दुर्लभ पौधों के बीज भी वितरित किए। वहीं एम. सूरज ने ऊदबिलाव, जंगली भैंसा, सर्प सहित संकटग्रस्त वन्यजीवों से जुड़े वीडियो प्रस्तुत कर स्थानीय वन्यजीव संपदा के महत्व से अवगत कराया। उप संचालक संदीप बलगा ने युवाओं से जैव विविधता संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सतत उपयोग अत्यंत आवश्यक है। अजय कावरे एवं मनोज बघेल ने भी जैव विविधता संरक्षण की आवश्यकता और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन मंडल के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से वन विभाग, विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों, विद्यार्थियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो सकी। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, मैदानी कर्मचारी तथा नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी से भूपेंद्र जगत, ऋषभ एवं मनीषा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

#CityStates #Bijapur #BijapurNews #BijapurNewe #Chhattisgarh #CgNewsToday #WorldBiodiversityDay #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 23, 2026, 13:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bijapur News: विश्व जैव विविधता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिया संरक्षण का संदेश #CityStates #Bijapur #BijapurNews #BijapurNewe #Chhattisgarh #CgNewsToday #WorldBiodiversityDay #VaranasiLiveNews