VIDEO: बाइक के सामने अचानक आ गया तेंदुआ, युवक गिरा, फिर हिम्मत दिखाकर तेंदुए के करीब पहुंच उठा ले गया बाइक
कतर्नियाघाट रेंज में रविवार दोपहर बिछिया-सुजौली मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई, जब अचानक एक तेंदुआ बाइक सवार युवक के सामने आ गया। तेंदुए को देखकर युवक घबरा गया और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। पहले तो वह जान बचाकर बाजार की ओर भागा, लेकिन कुछ देर बाद हिम्मत जुटाकर वापस लौटा और तेंदुए के बेहद करीब पहुंचकर अपनी बाइक उठा ले गया। युवक की इस निडरता को देखकर तेंदुआ भी जंगल की ओर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे एक युवक बिछिया से सुजौली की ओर जा रहा था। बिछिया बाजार के समीप अचानक झाड़ियों से निकलकर तेंदुआ सड़क पर आ गया। युवक संतुलन खो बैठा और बाइक समेत गिर पड़ा। सामने तेंदुए को देख वह तत्काल मोटरसाइकिल छोड़कर उल्टे पांव भाग निकला। घटना के बाद तेंदुआ करीब 10 मिनट तक सड़क पर बाइक के पास बैठा रहा, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। राहगीरों में अफरातफरी मच गई और लोग दूर खड़े होकर शोर मचाते रहे। कुछ देर बाद युवक साहस दिखाते हुए वापस लौटा और धीरे-धीरे तेंदुए के करीब पहुंच गया। युवक को अपनी ओर बढ़ता देख तेंदुआ सड़क छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद युवक ने बाइक उठाई और वहां से रवाना हो गया। घटना का वीडियो राहगीरों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार बढ़ती तेंदुए की गतिविधियों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
VIDEO: बाइक के सामने अचानक आ गया तेंदुआ, युवक गिरा, फिर हिम्मत दिखाकर तेंदुए के करीब पहुंच उठा ले गया बाइक #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 31, 2026, 14:27 IST
VIDEO: बाइक के सामने अचानक आ गया तेंदुआ, युवक गिरा, फिर हिम्मत दिखाकर तेंदुए के करीब पहुंच उठा ले गया बाइक #VaranasiLiveNews
