पाइपलाइन की मरम्मत के चलते दो दिन नहीं आएगा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर। गोविंद सागर बांध से डोडाघाट स्थित 13 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र तक आने वाली पाइपलाइन में लीकेज हो गया है। इसकी मरम्मत के चलते बुधवार और बृहस्पतिवार को जल शोधन संयंत्र पूरी तरह बंद रहेगा। इससे 28 और 29 अक्तूबर को कसाई मंडी स्थित पानी की टंकी से जलापूर्ति ठप रहेगी। ऐसे में शहर के कई मोहल्लों के लोगों को दो दिन पानी की समस्या का सामना करना पड़ेगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मुंशीलाल वर्मा ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत के कारण कसाई मंडी, बजरिया, कटरा बाजार, महावीरपुरा और सरदारपुरा सहित कई मोहल्लों में जलापूर्ति नहीं हो सकेगी। इसके अलावा हायर जोन के उन मोहल्लों में भी आपूर्ति प्रभावित रहेगी, जहां सीधे पानी पहुंचाया जाता है। इनमें टोरिया, राजपूत कॉलोनी और करीमनगर शामिल हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण पहले से कर लें।
पाइपलाइन की मरम्मत के चलते दो दिन नहीं आएगा पानी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 27, 2026, 16:21 IST
पाइपलाइन की मरम्मत के चलते दो दिन नहीं आएगा पानी #VaranasiLiveNews
