Bathinda: तलबंडी साबो के गांव शेखपुरा में इकलौते बेटे की चिट्टे से मौत

बठिंडा के सब-डिवीजन तलबंडी साबो के गांव शेखपुरा में युवक की चिट्टे की ओवरडोज से मौत हो गई। हालांकि कथित तौर पर पुलिस दबाव के चलते परिजनों ने बीते दिन अपने इकलौते बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया था, लेकिन आज परिवार ने कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान और हलका तलबंडी साबो के इंचार्ज खुशबाज सिंह जटाना की मौजूदगी में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार ने अपने नौजवान बेटे की मौत पर इंसाफ की गुहार लगाई है, जबकि कांग्रेस नेता ने पंजाब सरकार की “युद्ध नशे के खिलाफ” मुहिम पर सवाल उठाते हुए पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस को निशाने पर लिया। बताया जा रहा है कि गांव शेखपुरा निवासी, दो बहनों के इकलौते भाई और माता-पिता के इकलौते बेटे गुरसेवक सिंह की लाश बीते दिन तलबंडी साबो की अनाज मंडी में संदिग्ध हालत में मिली थी। लाश के पास इंजेक्शन के रैपर भी मिले थे। मृतक युवक लंबे समय से नशे का आदी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने परिवार की सहमति से बीते दिन उसका अंतिम संस्कार करवा दिया था, लेकिन आज जब कांग्रेस हलका इंचार्ज खुशबाज सिंह जटाना परिवार से दुख साझा करने पहुंचे, तो परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए अपने बेटे की मौत के लिए नशा सप्लाई करने वालों को जिम्मेदार ठहराया और आरोपियों को पकड़ने की मांग की। मृतक की मां ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके इकलौते बेटे को ज्यादा नशा देकर मारकर फेंक दिया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और उन्हें गुमराह कर बेटे का अंतिम संस्कार करवा दिया। उन्होंने बेटे की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गांववासियों ने बताया कि गांव में खुलेआम नशा बिक रहा है और अब तक कई युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि कई युवक मौत के कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि गांव की हालत बेहद खराब है और पुलिस प्रशासन कोई सुनवाई नहीं करता। गांव में नशे पर सख्त लगाम लगाई जानी चाहिए और इस परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए। कांग्रेस के हलका इंचार्ज और पूर्व जिला प्रधान खुशबाज सिंह जटाना ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार “युद्ध नशे के खिलाफ” के नाम पर केवल ड्रामेबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को नशा बेचने वालों और युवक को मौत के घाट उतारने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय परिवार पर जल्द अंतिम संस्कार का दबाव डाल दिया। उन्होंने मांग की कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए कि नशा कहां से आया और किसने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि तलबंडी साबो में घर-घर नशा बिक रहा है और इस पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो तलबंडी साबो बंद कर संघर्ष किया जाएगा।

Bathinda: तलबंडी साबो के गांव शेखपुरा में इकलौते बेटे की चिट्टे से मौत #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 20, 2026, 19:42 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Bathinda: तलबंडी साबो के गांव शेखपुरा में इकलौते बेटे की चिट्टे से मौत #VaranasiLiveNews