नारनौल में पांचवें दिन हड़ताल जारी, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग तेज
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल की हड़ताल मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रही। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान भूपेंद्र सिंह सारवान ने की। वहीं, अग्निशमन विभाग नारनौल के कर्मचारी भी 28वें दिन काम छोड़ हड़ताल पर डटे रहे। कर्मचारी नेताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इकाई प्रधान भूपेंद्र सिंह सारवान ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कई बार हरियाणा सरकार को पत्र और बैठकों के माध्यम से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई कर्मचारी 20-20 वर्षों से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक स्थायी नहीं किया गया। कर्मचारियों की मांग है कि हरियाणा में पालिका रोल पर कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को एकमुश्त पक्का किया जाए। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग के दोनों मृतक साथियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग भी दोहराई गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी। हड़ताल में राज्य कैशियर महेंद्र सिंह सगेलिया, सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र बोयत, जिला प्रधान कौशल यादव, जिला प्रधान राहुल सारवान समेत महावीर प्रसाद, सुरेश कुमार, निरंजन लाल, लखन, विक्रम, मनोज, देवानंद, प्रदीप, रविकांत, लीलाराम, राकेश, पंकज, मोहित सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
नारनौल में पांचवें दिन हड़ताल जारी, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग तेज #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 10:43 IST
नारनौल में पांचवें दिन हड़ताल जारी, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग तेज #VaranasiLiveNews
