Sirmour: शिव मंदिर रानीताल से नंदी पर सवार भोलेनाथ की निकली बरात
महाशिवरात्रि पर्व से पहले भोलेनाथ के जयकारों से शहर की वादियां गूंज उठी। शुक्रवार को ऐतिहासिक रानीताल में बने शिव मंदिर से भोलेनाथ की बरात निकाली गई। बरात के दौरान सिरमौरी संस्कृति की भी झलक भी देखने को मिली। सिरमौरी वाद्ययंत्रों की गूंज भी यहां खूब सुनाई दी। भोले नाथ की बरात में भूत, पिशाच और शिवगणों ने भी हिस्सा लिया। नंदी पर सवार भोलेनाथ ने डमरू पर तांडव भी किया। शिव की बरात ऐतिहासिक रानीताल से शुरू होकर कच्चा टैंक, मुख्य बाजार छोटा चौंक, बड़ा चौंक, दिल्ली गेट, नया बाजार आदि जगहों से होती हुई वापस रानीताल स्थित शिव मंदिर पहुंंची। इस दौरान श्रद्घालुओं ने शिव के दर्शन किया और प्रसाद भी ग्रहण किया। नवयुवा शिव मंडल रानीताल की ओर से हर साल की तरह इस वर्ष भी महाशिव रात्रि के उपलक्ष्य पर शिव की भव्य बरात का आयोजन किया गया। बुधवार को रानीताल में शिवरात्रि का भव्य आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व शोभा यात्रा को नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने श्रद्धापूर्वक रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक-धार्मिक आयोजन से समाज में समरसता, भाईचारा और आपसी सौहार्द की भावना प्रगाढ़ होती है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता रूपेंद्र ठाकुर, पूर्व पार्षद मोंटी गर्ग, संजय चौहान, अनिल शर्मा उर्फ टिप्पू समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
#CityStates #Sirmour #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 13, 2026, 15:16 IST
Sirmour: शिव मंदिर रानीताल से नंदी पर सवार भोलेनाथ की निकली बरात #CityStates #Sirmour #VaranasiLiveNews
