ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया यात्री, कांस्टेबल ने ऐसे बचाई जान
बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। घटना शनिवार दोपहर करीब 1:08 बजे की है, जब गाड़ी संख्या 12060 जनशताब्दी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर अपने निर्धारित ठहराव के बाद रवाना हो रही थी। ये ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से चलकर कोटा तक जाती है। इसका पहला स्टापेज बल्लभगढ़ में दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के चलने के दौरान एक यात्री जल्दबाजी में उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। स्थिति बेहद गंभीर थी और थोड़ी सी देर भी बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल विकास ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान उनकी सूझबूझ से एक दुर्घटना टल गई। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों आरपीएफकर्मी के इस साहसिक कदम की सराहना की। आरपीएफ प्रभारी श्रवण कुमार का कहना है कि कांस्टेबल की सतर्कता और तत्परता से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।
#CityStates #Faridabad #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 04, 2026, 11:24 IST
ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया यात्री, कांस्टेबल ने ऐसे बचाई जान #CityStates #Faridabad #VaranasiLiveNews
