अमृतसर की छात्रा निमरत संधू को 10वीं में 500 में से 499 अंक मिले

सीबीएसई बोर्ड के 10वीं कक्षा के परिणामों में अमृतसर की रहने वाली छात्रा निमरत संधू ने 500 में से 499 अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ वह पंजाब में दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रही है। निमरत की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने ढोल बजाकर उसका स्वागत किया और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। निमरत, तरनतारन रोड स्थित निवासी है और दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा है। उसने कुल 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। पत्रकारों से बातचीत में निमरत ने कहा कि यह उसकी जिंदगी का बेहद खास और गर्व का पल है। रिजल्ट के समय वह घर पर अपनी मां के साथ थी और पिता से फोन पर बात कर रही थी। जैसे ही उसने अपना परिणाम देखा, वह खुशी से झूम उठी। निमरत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों को देते हुए कहा कि स्कूल के टीचर्स ने हर विषय को विस्तार से समझाया और हमेशा उसका मार्गदर्शन किया। खासतौर पर उसके क्लास इंचार्ज की प्रेरणा ने उसे हर विषय में पूरे अंक लाने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, निमरत के पिता तेजवीर सिंह ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि सकारात्मक माहौल और कड़ी मेहनत से ही सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने लगातार मेहनत की और देर रात तक पढ़ाई करती रही। उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं और उन्हें बराबर मौके दिए जाने चाहिए, तभी समाज आगे बढ़ सकता है।

अमृतसर की छात्रा निमरत संधू को 10वीं में 500 में से 499 अंक मिले #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 08:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अमृतसर की छात्रा निमरत संधू को 10वीं में 500 में से 499 अंक मिले #VaranasiLiveNews