अमृतसर में गैस की कमी के बीच चूल्हों पर बन रहा मिड-डे मील
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब पंजाब के सरकारी स्कूलों में भी देखने को मिल रहा है। LPG गैस की कमी के चलते कई स्कूलों में मिड-डे मील अब पारंपरिक चूल्हों पर तैयार किया जा रहा है। हालांकि सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी हालत में बच्चों के भोजन में बाधा नहीं आनी चाहिए। अमृतसर के सरकारी हाई स्कूल इब्बन कलां में पिछले चार दिनों से गैस की बजाय लकड़ी के चूल्हों पर मिड-डे मील तैयार किया जा रहा है। स्कूल की प्रिंसिपल सिमी बेरी के अनुसार, रोजाना करीब 10 से 15 किलो लकड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण LPG गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका असर अब पंजाब में भी दिखाई देने लगा है। इस स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने पहले ही स्कूलों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश जारी कर दिए थे। नए निर्देशों के अनुसार, जहां गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं, वहां लकड़ी, बिजली या अन्य साधनों से मिड-डे मील तैयार किया जाए। विभाग ने सख्त शब्दों में कहा है कि बच्चों के भोजन से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मिड-डे मील वर्कर हरजिंदर कौर ने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे पूरी जिम्मेदारी के साथ भोजन तैयार कर रहे हैं और बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही है।
अमृतसर में गैस की कमी के बीच चूल्हों पर बन रहा मिड-डे मील #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 21, 2026, 08:55 IST
अमृतसर में गैस की कमी के बीच चूल्हों पर बन रहा मिड-डे मील #VaranasiLiveNews
