Mandi: देवी-देवताओं के आगमन से छोटी काशी में स्वर्गमयी नजारा, वाद्य यंत्रों से गूंजा शहर
देवी-देवताओं के आगमन से छोटी काशी गूंज उठी है और शहर इस समय पूरी तरह से थिरक रहा है। चारों ओर वाद्य यंत्रों की स्वर ध्वनियां सुनाई देने के साथ शहर में स्वर्गमयी नजारा देखने को मिल रहा है। मंडी में 16 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 को लेकर यह भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। बीते रोज से ही कमरुघाटी के अराध्य देव, देव कमरुनाग के पधारने के बाद अन्य देवी-देवताओं का जनपद में पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। 14 फरवरी को जहां देव कमरुनाग सहित 6 देवी-देवता पहुंचे थे, वहीं 15 फरवरी शाम तक 150 के करीब देवी देवता राज माधव राय के पास हाजिरी भर चुके हैं। ढोल नगाड़ों व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर देवलू नाचते गाते हुए अपने-अपने इष्ट देवों के साथ पहुंच रहें हैं। चंद किलोमीटर से लेकर सैंकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर देवलु देवी-देवताओं के साथ शिवरात्रि की शोभा बढ़ाने के लिए पहुंच रहे हैं। जिला मुख्यालय से करीब 150 किलोमीटर दूर से पैदल यात्रा तय कर छोटी काशी पहुंचे देव नाग चपलांदू के पुजारी हरीश वर्मा ने बताया कि छतरी के मानगढ़ से उन्होंने 11 फरवरी को प्रस्थान किया था। वहीं मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर देव बाढू बाड़ा के साथ पहुंचे देवता के पुजारी रमेश शर्मा ने बताया कि वे 500 से अधिक दवलुओं सहित इस महोत्सव में शिरकत करने के लिए पहुंचे है और पूरे सप्ताह भर श्रद्धाुलओं को मंडी में ही दर्शन देंगे। बता दें कि मंडी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में हर साल 200 के करीब पंजीकृत देवी देवता जनपद में पहुंचते हैं। इतने की गैर पंजीकृत देवी देवता इस महोत्सव में शिरकत करते हैं और इस महोत्सव की शोभा बढ़ाते हैं। इस दौरान छोटी काशी में देव व मानस मिलन का भव्य नजारा देखने को मिलता है और पूरा सप्ताह भर यह नजारा बना रहता है। 16 फरवरी को डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ऐतेहासिक पड्डल मैदान से इस महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। वहीं इससे पूर्व वे पहली शाही जलेब यानि शोभायात्रा में भी शामिल होंगे।
Mandi: देवी-देवताओं के आगमन से छोटी काशी में स्वर्गमयी नजारा, वाद्य यंत्रों से गूंजा शहर #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 16, 2026, 09:40 IST
Mandi: देवी-देवताओं के आगमन से छोटी काशी में स्वर्गमयी नजारा, वाद्य यंत्रों से गूंजा शहर #VaranasiLiveNews
