जालंधर में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मजदूर को डराया, नशा तस्करी का आरोप लगाकर 3,200 रुपए लेकर फरार
जालंधर के मकसूदां थाना क्षेत्र के अड्डा नूरपुर में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक मजदूर से ₹3,200 ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि खाकी पैंट पहने एक व्यक्ति ने उसे नशे का कारोबार करने के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी दी और उसकी जमा पूंजी लेकर फरार हो गया। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। हालांकि, इस मामले में मकसूदां थाने के एसएचओ बलबीर सिंह ने इसे फर्जी बताया है। पुलिस की ओर से मामले को लेकर जांच की जा रही है। पीड़ित राम ज्ञान, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला है, नूरपुर में कबाड़ का काम करता है। उसने बताया कि वह सड़क पार करके एक जगह खड़ा था, तभी खाकी पैंट पहने, बिना शर्ट, दाढ़ी और पगड़ी वाले एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोपी ने खुद को सीआई इंस्पेक्टर बताया और तलाशी लेने के नाम पर उसे डराने-धमकाने लगा। पीड़ित के मुताबिक, उक्त व्यक्ति ने उस पर नशे का कारोबार करने का आरोप लगाया। अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए जब राम ज्ञान ने जेब से अपनी जमा पूंजी के ₹3,200 निकालकर दिखाए, तो आरोपी ने कथित तौर पर तुरंत पैसे अपने हाथ में ले लिए। आरोप है कि इसके बाद व्यक्ति ने राम ज्ञान से कहा कि वह किसी ऐसे व्यक्ति को बुलाकर लाए, जो उसे जानता हो। इस पर मजदूर अपनी साइकिल मौके पर छोड़कर पास की दुकान पर काम करने वाले 'चमका जी' को बुलाने चला गया। जब वह वापस लौटा, तो कथित फर्जी पुलिसकर्मी पैसे लेकर फरार हो चुका था। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल रूम की टीम और मकसूदां थाने के एसएचओ बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जालंधर में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मजदूर को डराया, नशा तस्करी का आरोप लगाकर 3,200 रुपए लेकर फरार #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 12:10 IST
जालंधर में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मजदूर को डराया, नशा तस्करी का आरोप लगाकर 3,200 रुपए लेकर फरार #VaranasiLiveNews
