गोंडा में 23 साल में 4.90 करोड़ का घोटाला, इंडियन बैंक के 69 अधिकारी, कर्मचारी और ग्राहकों पर मुकदमा

गोंडा में इंडियन बैंक की मुख्य शाखा से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित गबन के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। करीब 23 वर्षों की अवधि में हुए वित्तीय घोटाले को लेकर बैंक के 69 अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में गबन की राशि ब्याज सहित बढ़कर 4 करोड़ 90 लाख 8 हजार 373 रुपये बताई गई है। बैंक प्रबंधन के अनुसार वर्ष 1997 से 2020 के बीच मुख्य शाखा में तैनात रहे कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों ने अपने पद और जिम्मेदारियों का दुरुपयोग करते हुए वित्तीय अनियमितताएं कीं। विभागीय जांच में करीब 3 करोड़ 60 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई थी। जांच के दौरान संबंधित लोगों ने कथित रूप से गबन की गई राशि ब्याज सहित वापस जमा करने का लिखित आश्वासन भी दिया था। बैंक का आरोप है कि तय समय सीमा के भीतर रकम जमा नहीं की गई। इसके बाद ब्याज जोड़ने पर बकाया राशि बढ़कर 4 करोड़ 90 लाख 8 हजार 373 रुपये हो गई। इंडियन बैंक के सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने 69 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमे में पूर्व शाखा प्रबंधक, कैशियर समेत विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी और कुछ ग्राहकों के नाम शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित वित्तीय अनियमितताओं में किसकी क्या भूमिका रही और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बहुचर्चित मामले के सामने आने के बाद जिले में बैंकिंग व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई।

गोंडा में 23 साल में 4.90 करोड़ का घोटाला, इंडियन बैंक के 69 अधिकारी, कर्मचारी और ग्राहकों पर मुकदमा #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 13, 2026, 18:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


गोंडा में 23 साल में 4.90 करोड़ का घोटाला, इंडियन बैंक के 69 अधिकारी, कर्मचारी और ग्राहकों पर मुकदमा #VaranasiLiveNews