फिरोजपुर में मंडियों में उठान में देरी से परेशान आढ़ती और मजदूर, चोरी का भी सता रहा डर

पंजाब सरकार की ओर से एक अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कर दी गई थी। शुरुआत में खरीद प्रक्रिया धीरे-धीरे चलती रही और कुछ मात्रा में धान का उठान भी होता रहा, लेकिन अब मंडियों में धान के उठान में देरी के कारण आढ़तियों और मजदूरों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। मंडियों में धान के ढेर लगे हुए हैं और उठान का इंतजार कर रहे मजदूर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि जब सरकार ने किसानों का धान खरीद लिया है तो उसे मंडियों से उठवाने की जिम्मेदारी भी सरकार की ही बनती है। उठान में देरी के कारण उन्हें दिन-रात मंडियों में रहकर धान की रखवाली करनी पड़ रही है। रात के समय चोरी होने का डर बना रहता है। मजदूरों ने बताया कि जहां लोग त्योहार अपने परिवारों के साथ घरों में मनाते हैं, वहीं उन्हें इस बार अपने सभी त्योहार मंडियों में ही बिताने पड़ रहे हैं। मजदूरों के अनुसार शेलर संचालक मंडियों में पहुंचकर उनसे पैसों की मांग भी कर रहे हैं। किसानों ने अपना धान बेचकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली है, लेकिन अब उठान में देरी के कारण आढ़ती और मजदूर परेशानी झेल रहे हैं। उनका कहना है कि यदि आढ़तियों से उठान का खर्च काटा जाता है तो इसका आर्थिक बोझ अंततः किसानों पर भी पड़ सकता है। इससे किसानों और आढ़तियों के बीच विवाद पैदा होने की आशंका है। मजदूरों का कहना है कि किसान और आढ़ती के बीच वर्षों पुराना मजबूत रिश्ता है, लेकिन सरकारी खरीद के बाद उठान में हो रही देरी और खर्चों को लेकर दोनों के बीच खटास पैदा हो सकती है। मजदूरों ने सरकार से मांग की है कि मंडियों में पड़े धान का जल्द से जल्द उठान करवाया जाए, ताकि आढ़तियों, किसानों और मजदूरों को राहत मिल सके।

फिरोजपुर में मंडियों में उठान में देरी से परेशान आढ़ती और मजदूर, चोरी का भी सता रहा डर #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 12, 2026, 05:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फिरोजपुर में मंडियों में उठान में देरी से परेशान आढ़ती और मजदूर, चोरी का भी सता रहा डर #VaranasiLiveNews