नोएडा: महर्षि महेश योगी अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय को कैबिनेट की मंजूरी
उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने महर्षि महेश योगी अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी है। यह विश्वविद्यालय कानपुर जनपद के बिल्हौर में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया है। संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि यह विश्वविद्यालय न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के कृषि प उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि बिल्हौर में विश्वविद्यालय की स्थापना से आसपास के जनपदों के हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही कृषि क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीकों के विकास के लिए नए द्वार खुलेंगे। इस अवसर पर संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने कहा कि महर्षि महेश योगी अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ वह सपना साकार होने जा रहा है, जिसमें भारत को जैविक खेती के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदान करने की परिकल्पना की गई थी। गवर्निंग बॉडी के मेंबर पंकज शर्मा ने कहा कि इस कृषि विश्वविद्यालय के माध्यम से किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान, प्राकृतिक व जैविक खेती की आधुनिक पद्धतियों को पहुंचाया जाएगा।
#CityStates #Noida #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 14:10 IST
नोएडा: महर्षि महेश योगी अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय को कैबिनेट की मंजूरी #CityStates #Noida #VaranasiLiveNews
