बिलासपुर: रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, नियुक्ति पत्र सौंपे; जानें पीएम मोदी क्या बोले
केंद्र सरकार ने देश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 19वें रोजगार मेले के माध्यम से देशभर के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा दिया। इसी कड़ी में बिलासपुर में भी रोजगार मेले का आयोजन हुआ, जहां चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह रोजगार मेला देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया गया था, जिसमें बिलासपुर भी शामिल था। बिलासपुर के रेलवे इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र मिलते ही युवाओं और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल दिखा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश का युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार लगातार रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने रोजगार मेले को प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान से अब तक लगभग 12 लाख युवाओं को सरकारी विभागों में रोजगार मिल चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी पारदर्शिता और निष्पक्ष प्रक्रिया के साथ युवाओं को अवसर प्रदान कर रहा है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं ने अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने इसे अपनी वर्षों की मेहनत, संघर्ष और माता-पिता के आशीर्वाद का परिणाम बताया। युवाओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें देश सेवा का अवसर मिला है, जिसे वे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
#CityStates #Bilaspur-chhattisgarh #BilaspurNews #Chhattisgarh #CgNewsToday #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 14:55 IST
बिलासपुर: रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, नियुक्ति पत्र सौंपे; जानें पीएम मोदी क्या बोले #CityStates #Bilaspur-chhattisgarh #BilaspurNews #Chhattisgarh #CgNewsToday #VaranasiLiveNews
