अयोध्या में महज 30 मिनट की बारिश में सड़कों से गलियों तक भरा पानी
अयोध्या में शुक्रवार को हुई करीब 30 मिनट की बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। प्रमुख सड़कों, सर्विस लेन और मोहल्लों की गलियों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर घरों के सामने पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। बारिश थमने के बाद भी काफी देर तक पानी सड़कों और गलियों में भरा रहा। सबसे अधिक समस्या जनौरा क्षेत्र में देखने को मिली। यहां कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देवकाली बाईपास की सर्विस लेन पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा। वहीं, वजीरगंज जप्ती मुख्य मार्ग पर भी लंबे समय तक पानी जमा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में यहां नालियों की सफाई कराई गई थी, लेकिन बारिश के बाद भी जलनिकासी सुचारु नहीं हो सकी। इसके अलावा देवकाली तिराहा, ऋषि टोला, टकसाल, लालबाग, ब्राह्मण टोला, अहिरान टोला और कृष्णा नगर समेत कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या सामने आई। कई जगह नालियां उफनाने लगीं और पानी सड़कों पर फैल गया। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों के सामने पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश से पहले नालों और नालियों की सफाई कराए जाने के दावे किए गए थे, लेकिन 25-30 मिनट की बारिश में ही कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आ गई। लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है, जिससे बारिश के दिनों में परेशानी कम हो सके।
अयोध्या में महज 30 मिनट की बारिश में सड़कों से गलियों तक भरा पानी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 15:11 IST
अयोध्या में महज 30 मिनट की बारिश में सड़कों से गलियों तक भरा पानी #VaranasiLiveNews
