जगरांव में ग्रंथी सिंह से मारपीट के आरोप, एसएसपी दफ्तर के बाहर डटे प्रदर्शनकारी

जगरांव के गांव शेरपुर कलां स्थित गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी सिंह और गुरुद्वारा कमेटी सदस्यों के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। विवाद के दौरान ग्रंथी सिंह के साथ कथित मारपीट, दस्तार उतारने और दाढ़ा साहिब की बेअदबी के आरोप लगने के बाद इलाके में रोष फैल गया। घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में गांववासी और सिख जत्थेबंदियां ग्रंथी सिंह के समर्थन में उतर आईं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद मामला दर्ज न होने से लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। इसी के चलते वीरवार को गुस्साए लोगों ने एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में कार्रवाई से बच रही है। धरने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामला शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन धरनाकारियों ने साफ कह दिया कि जब तक आरोपियों पर मारपीट और बेअदबी की धाराओं के तहत मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। सिख जत्थेबंदी के नेता मनजीत सिंह ने कहा कि ग्रंथी सिंह मेजर सिंह लंबे समय से गांव शेरपुर कलां के गुरुद्वारा साहिब में सेवाएं निभा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में प्रधानगी और वर्चस्व की राजनीति को लेकर कुछ लोग लगातार ग्रंथी सिंह को परेशान कर रहे थे। अब आरोपियों ने सारी हदें पार करते हुए न सिर्फ उन पर हमला किया, बल्कि उनकी दस्तार उतारकर दाढ़ा साहिब की भी बेअदबी की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। वहीं एसएसपी डा. अंकुर गुप्ता व पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीन दिन का समय दिया जाए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जगरांव में ग्रंथी सिंह से मारपीट के आरोप, एसएसपी दफ्तर के बाहर डटे प्रदर्शनकारी #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 14:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


जगरांव में ग्रंथी सिंह से मारपीट के आरोप, एसएसपी दफ्तर के बाहर डटे प्रदर्शनकारी #VaranasiLiveNews