हथेही गांव में 13 हेक्टेयर झील होगी अतिक्रमण मुक्त, कराया जाएगा जीर्णोद्धार
घाटमपुर तहसील क्षेत्र के हथेही गांव में मंदिर से सटी लगभग 13 हेक्टेयर झील जल्द ही कब्जा मुक्त होगी। वर्षों से उपेक्षा और अवैध कब्जों की मार झेल रही इस झील का अब जीर्णोद्धार कराया जाएगा। मंगलवार को एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने ग्रामीणों से झील की वर्तमान स्थिति, उसके पुराने स्वरूप और वर्षों से चली आ रही समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि झील के किनारे और भीतर कई स्थानों पर अवैध कब्जे कर खेती की जा रही है, जिससे इसका मूल स्वरूप लगातार प्रभावित हो रहा है। स्थिति का जायजा लेने के बाद एसडीएम ने साथ पहुंचे लेखपाल विकास सचान को निर्देशित किया कि अधिग्रहित भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए। उन्होंने झील की सीमा का स्पष्ट चिन्हांकन कराने के लिए चारों ओर सीमेंट के खंभे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही झील की खुदाई कराकर उसकी जलधारण क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे श्रमदान के माध्यम से इस अभियान में सहयोग करें, ताकि झील का सुंदरीकरण जनसहभागिता के साथ पूरा किया जा सके। उन्होंने झील तक पहुंचने के लिए कच्चा रास्ता बनवाने का भी आश्वासन दिया। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले तक यहां सर्दियों के मौसम में साइबेरियन पक्षियों का आगमन होता था, लेकिन पानी की कमी बढ़ने के साथ पक्षियों और अन्य वन्यजीवों ने यहां से पलायन कर लिया। झील सूखने के बाद खाली पड़ी भूमि पर धीरे-धीरे अवैध खेती शुरू हो गई।
हथेही गांव में 13 हेक्टेयर झील होगी अतिक्रमण मुक्त, कराया जाएगा जीर्णोद्धार #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 19:08 IST
हथेही गांव में 13 हेक्टेयर झील होगी अतिक्रमण मुक्त, कराया जाएगा जीर्णोद्धार #VaranasiLiveNews
