Jaipur: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज जयपुर दौरे पर, सुरक्षा इंतजामों के बीच कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज जयपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जबकि आमेर महल को दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मार्को रूबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे एक दिन जयपुर में रुकेंगे और मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके जयपुर प्रवास के दौरान आमेर महल, सिटी पैलेस और हाथी गांव जाने की संभावना जताई गई है। सूत्रों के अनुसार हाथी गांव में विशेष तैयारियां की गई हैं, जहां विदेशी मेहमान का पारंपरिक राजस्थानी शैली में स्वागत किया जाएगा। आमेर महल के जलेब चौक में लोक कलाकार राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति देंगे। यहां घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य के साथ कठपुतली कला का प्रदर्शन किया जाएगा। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी स्वयं उनकी अगवानी करेंगी। हाथियों को सजाने के साथ उन्हें फल खिलाने की भी तैयारी की गई है। हाथी गांव विकास समिति के अनुसार रूबियो को राजस्थान में हाथियों के संरक्षण और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जाएगी। रूबियो जयपुर के प्रसिद्ध रामबाग पैलेस होटल में ठहरेंगे, जहां सुरक्षा और आतिथ्य की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दौरे के मद्देनजर जयपुर पुलिस ने 25 और 26 मई को शहर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है। एडिशनल कमिश्नर योगेश दाधीच द्वारा जारी आदेश के अनुसार एयरपोर्ट, मालवीय नगर, गांधी नगर, एसएमएस, लालकोठी, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी और आमेर सहित कई संवेदनशील इलाकों में नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। ये भी पढ़ें:RPSC का बड़ा अपडेट:SI भर्ती अभ्यर्थियों के लिए SSO ID की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध, जानें कब होगी परीक्षा वीआईपी मूवमेंट के कारण सोमवार दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक एयरपोर्ट से आमेर तक जाने वाले प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। पुलिस के अनुसार वीआईपी काफिला एयरपोर्ट से ओटीएस, जेडीए चौराहा, रामनिवास बाग, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार और सुभाष चौक होते हुए आमेर पहुंचेगा। सुरक्षा कारणों से इन मार्गों पर समय-समय पर यातायात रोका जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। जरूरत पड़ने पर वाहनों को टोंक रोड, झालाना बाईपास, जवाहर नगर बाईपास, जनपथ, पृथ्वीराज रोड, एमआई रोड, गोविंद मार्ग, किशनपोल बाजार, रामगंज बाजार, घाट बाजार और दिल्ली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्के लोडिंग वाहन, बस, मिनी बस और धीमी गति वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही एयरपोर्ट से आमेर तक पूरे वीआईपी रूट पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। गौरतलब है कि इससे पहले इमानुअल मैक्रॉन और जे डी वेंस भी जयपुर दौरे पर आ चुके हैं। विशेषज्ञों के अनुसार मार्को रूबियो का यह दौरा केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर, राजस्थानी संस्कृति, लोक कला और मेहमाननवाजी को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का यह बड़ा अवसर माना जा रहा है।

#CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurNews #MarcoRubioJaipurVisit #UsSecretaryOfState #JaipurTrafficDiversion #AmerFortJaipur #RajasthanNews #JaipurSecurityAlert #UsDelegationIndia #JaipurVipMovement #RajasthanTourism #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 25, 2026, 10:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jaipur: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज जयपुर दौरे पर, सुरक्षा इंतजामों के बीच कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurNews #MarcoRubioJaipurVisit #UsSecretaryOfState #JaipurTrafficDiversion #AmerFortJaipur #RajasthanNews #JaipurSecurityAlert #UsDelegationIndia #JaipurVipMovement #RajasthanTourism #VaranasiLiveNews