US-Israel Iran War: आग के गोले व धमाकों के बीच दुबई में फंसे गोंडा के युवा, दहशत में बीती रात
छपिया क्षेत्र के सेजलपुर निवासी दिनेश वर्मा सहित करीब 20 लोग इन दिनों दुबई एक फ्लैट में भय व अनिश्चितता के बीच फंसे हुए हैं। शनिवार शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट (दुबई समय) पर अचानक उनके आवास से लगभग 10 मिनट की दूरी पर स्थित इलाके में तेज धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं। दिनेश का कहना है कि आसमान में आग के गोले और मिसाइल जैसी चमक दिखाई दी, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। दुबई में बुर्ज खलीफा के पास बरदुबई क्षेत्र में रहकर क्लीनिंग कंपनी संचालित करने वाले दिनेश ने फोन कॉल पर हुई बातचीत में बताया कि अचानक जोरदार धमाके होने लगे। लोग अपने-अपने फ्लैट में छिप गए। दिल इतनी तेज धड़क रहा था कि समझ नहीं आ रहा था क्या करें। हिम्मत जुटाकर दिनेश अपने फ्लैट की छत पर पहुंचे और मोबाइल से बमबारी का वीडियो बनाया। इसी दौरान भारतीय दूतावास की ओर से संदेश मिला कि सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित स्थानों पर रहें और अफवाहों से बचें। हालांकि डर का माहौल तब और गहरा गया जब शनिवार रात 1 बजकर 55 मिनट की उनकी भारत वापसी की फ्लाइट रद्द होने का संदेश आ गया। दिनेश ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे तक भी उनके आवास से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बुर्ज खलीफा और जबल अली क्षेत्र की ओर से धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। गोंडा के 20 लोग एक ही फ्लैट में फंसे दिनेश ने बताया कि उनके फ्लैट में गोंडा जिले के करीब 20 लोग साथ रह रहे हैं। इनमें छपिया विकासखंड के शेषराम पासवान, रामू वर्मा, पवन पासवान और दीनानाथ वर्मा सहित अन्य युवक शामिल हैं। सभी लोग भय के माहौल में एक-दूसरे का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास को संदेश भेजा गया है, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। सभी लोग सुरक्षित स्वदेश वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। दिनेश ने बताया कि उनके बगल वाले फ्लैट में भी गोंडा के दो दर्जन से अधिक लोग रहते हैं। परिवार में पसरा सन्नाटा दिनेश तीन भाई और तीन बहनों में से एक हैं। उनके बड़े भाई कैलाश कुमार वर्मा सऊदी अरब में रहते हैं। गोंडा स्थित घर पर पिता राम केतार वर्मा, माता प्रेमा देवी, भाई राम सुभावन वर्मा और पत्नी रीता गहरी चिंता में हैं। भाई राम सुभावन ने बताया कि जैसे ही फ्लाइट रद्द होने और हालात बिगड़ने की सूचना मिली, घर में मायूसी छा गई। परिवार ने केंद्र सरकार और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से अपील की है कि दुबई में फंसे दिनेश समेत अन्य भारतीय कामगारों को जल्द सुरक्षित स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए।
#CityStates #Lucknow #Gonda #UttarPradesh #Us-israelIranWar #UpNews #WarInTheMiddleEast #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 01, 2026, 17:26 IST
US-Israel Iran War: आग के गोले व धमाकों के बीच दुबई में फंसे गोंडा के युवा, दहशत में बीती रात #CityStates #Lucknow #Gonda #UttarPradesh #Us-israelIranWar #UpNews #WarInTheMiddleEast #VaranasiLiveNews
