दिग्विजय के बयान पर कांग्रेस में घमासान: पीएसी बैठक में नेताओं का विरोध,दिग्गी बोले-भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट

उज्जैन भूमि आवंटन विवाद को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की मंगलवार को हुई वर्चुअल बैठक में पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के हालिया बयान को लेकर कई नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। नेताओं का कहना था कि यदि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बयान अलग-अलग होंगे तो कार्यकर्ताओं के लिए जनता के बीच इस मुद्दे को उठाना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि बैठक के कुछ देर बाद हुई संयुक्त प्रेसवार्ता में दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस को पूरी तरह एकजुट बताते हुए कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को अंत तक उजागर करेगी। मसूद बोले- जनता पूछेगी सही कौन है बैठक में विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भूमि आवंटन का गंभीर मुद्दा उठाया, लेकिन दिग्विजय सिंह के बयान के बाद कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस जनता के बीच जाएगी तो लोग पूछेंगे कि आखिर सही कौन है, जीतू पटवारी या दिग्विजय सिंह। पहले पार्टी के भीतर एक राय बननी चाहिए, तभी आंदोलन प्रभावी होगा। प्रवीण पाठक बोले- ऐसे बयान हमें बर्बाद कर देंगे पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि मैदान में पार्टी कार्यकर्ता संघर्ष कर रहा है, लेकिन यदि वरिष्ठ नेता ही प्रदेश अध्यक्ष के रुख को कमजोर करेंगे तो जनता के सामने जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान पार्टी की पूरी मुहिम को नुकसान पहुंचा सकते हैं और कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा। हरीश चौधरी ने किया हस्तक्षेप बैठक में बढ़ते विवाद के बीच प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि दिग्विजय सिंह के बयान की जानकारी पहले ही कांग्रेस आलाकमान को भेजी जा चुकी है। अब इस मामले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्णय के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। यह भी पढ़ें-मानसून की रफ्तार थमी, लेकिन बारिश का दौर जारी, आज 50 जिलों में अलर्ट, 2 जुलाई से नया सिस्टम बैठक के बाद प्रेसवार्ता, एकजुटता का संदेश बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से उज्जैन भूमि प्रकरण पर जवाब मांगते हुए कहा कि यदि आरोपों का संतोषजनक उत्तर नहीं दिया जाता तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन एक रुपये की लीज पर ट्रस्टों को दी गई और इसका लाभ सत्ता से जुड़े लोगों को मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री और मंत्रियों की कथित संपत्तियों तथा भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए एक विशेष पोर्टल भी शुरू करेगी। दिग्विजय बोले- भ्रम फैलाया जा रहा है प्रेसवार्ता में दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और उनके तथा जीतू पटवारी के बीच मतभेद की बातें पूरी तरह भ्रामक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी कांग्रेस नेता के लिए 'दलाल' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था, बल्कि यह एक पत्रकार के नाम के संदर्भ में कहा गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लोकतांत्रिक तरीके से अंत तक उठाएगी। यह भी पढ़ें-एफआईआर पर क्रिकेटर शशांक सिंह की सफाई, बोले- किसी को बंधक नहीं बनाया, आरोप पूरी तरह गलत चार मुद्दों पर आंदोलन करेगी कांग्रेस बैठक में कांग्रेस ने उज्जैन भूमि आवंटन, नीट परीक्षा विवाद, सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और किसानों को खाद वितरण में अव्यवस्था के मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का फैसला किया। पार्टी इन सभी मुद्दों को प्रदेशभर में जनता के बीच ले जाएगी।

#CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 30, 2026, 12:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




दिग्विजय के बयान पर कांग्रेस में घमासान: पीएसी बैठक में नेताओं का विरोध,दिग्गी बोले-भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #VaranasiLiveNews