Basti News: आंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने पर हंगामा, शाम को स्थापित हुई नई प्रतिमा
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के रेवटा हरिशरण शुक्ल गांव में सोमवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित मिलने से तनाव की स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी और प्रतिमा स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रशासन की ओर से शाम करीब छह बजे नई प्रतिमा स्थापित कराए जाने के बाद मामला शांत हुआ।ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिली। इसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पैकोलिया पुलिस के साथ एसडीएम हर्रैया प्रद्युम्न कुमार, तहसीलदार नीरज कुमार त्रिपाठी और सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह मौके पर पहुंचे। बसपा जिलाध्यक्ष जय हिंद गौतम भी पदाधिकारियों के साथ पहुंचे।भीम आर्मी के कप्तानगंज विधानसभा अध्यक्ष संजीत कुमार, मंडल संयोजक राजकुमार पटेल, कोषाध्यक्ष सूरज मल्होत्रा और भारत मुक्ति मोर्चा के आरके आरतियन ने समर्थकों के साथ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रतिमा स्थल पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने और आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार करने की मांग की।इस दौरान बीएमपी मंडल अध्यक्ष हृदय गौतम और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रेम कुमार नंदवंशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पैकोलिया और गौर थाने की पुलिस फोर्स के साथ प्रशासनिक अधिकारी सुबह से शाम तक मौके पर डटे रहे।प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद राजभर ने बताया कि जटाशंकर पटेल की तहरीर पर प्रतिमा खंडित करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#BastiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 11, 2026, 02:23 IST
Basti News: आंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने पर हंगामा, शाम को स्थापित हुई नई प्रतिमा #BastiNews #VaranasiLiveNews
