मंत्री रेखा आर्या प्रकरण: वायरल ऑडियो की होगी जांच, गिरधारी लाल साहू के वाइस सैंपल के लिए कोर्ट जाएगी एसआईटी
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद में अब वायरल ऑडियो की सत्यता जांचने की तैयारी है। विशेष जांच दल (एसआईटी) गिरधारी लाल साहू का वाइस सैंपल लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगा। दीपावली की छुट्टियों के बाद न्यायालय खुलने का इंतजार किया जा रहा है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद गिरधारी का वाइस सैंपल लेकर उसे फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा जाएगा। वहां वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज से उसका मिलान कराया जाएगा। मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को कैंट कोतवाली में पति गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने गिरधारी पर धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी साजिश के आरोपों का आधार बनाया था। वहीं, गिरधारी लाल साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ऑडियो को एआई से तैयार फर्जी रिकॉर्डिंग बताया था। ये भी पढे़ंइंटरव्यू: भाजपा पर ही बैकफायर करेगा जेनी प्रकरण, धस्माना बोले-कांग्रेस हरक सिंह के साथ, पढ़ें खास बातचीत मामले की जांच के लिए एसएसपी ने नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान कई बार नोटिस देने के बावजूद पूछताछ में शामिल न होने पर पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल किया था। इसके बाद एसआईटी ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरधारी लाल साहू और बरेली से उनके भतीजे सतेंद्र को गिरफ्तार किया था। अब जांच टीम ऑडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने पर जोर दे रही है। वाइस सैंपल और वायरल ऑडियो की आवाज का मिलान इस जांच में अहम कड़ी साबित हो सकता है। एसआईटी प्रभारी जया बलोनी ने बताया कि कोर्ट खुलने पर गिरधारी का वाइस सैंपल लेने के लिए अर्जी दी जाएगी। अदालत का जो भी फैसला होगा उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।
#CityStates #Dehradun #Haridwar #Rishikesh #Roorkee #Uttarakhand #RekhaAryaCase #RekhaArya #GirdhariLalSahu #UttarakhandNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 11, 2026, 02:24 IST
मंत्री रेखा आर्या प्रकरण: वायरल ऑडियो की होगी जांच, गिरधारी लाल साहू के वाइस सैंपल के लिए कोर्ट जाएगी एसआईटी #CityStates #Dehradun #Haridwar #Rishikesh #Roorkee #Uttarakhand #RekhaAryaCase #RekhaArya #GirdhariLalSahu #UttarakhandNews #VaranasiLiveNews
