UP: पीलीभीत में शराब की दुकान खुलने पर बवाल, महिलाओं ने बोतलें तोड़ीं, अफसरों को लाठियों से पीटा
कलीनगर तहसील क्षेत्र के सीमावर्ती गांव बूंदीभूड़ में शराब दुकान खोले जाने को लेकर चल रहा विवाद बृहस्पतिवार को हिंसक हो गया। गांव में हालात का जायजा लेने पहुंची प्रशासनिक, आबकारी और पुलिस टीम की मौजूदगी में महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। इस दौरान हुए बवाल में शराब की बोतलें दुकान के बाहर फेंककर तोड़ी गईं, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। जमकर पथराव हुआ। लाठीचार्ज भी हुआ। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले। तहसीलदार और चौकी इंचार्ज समेत कई लोग घायल हो गए। ग्रामीण पक्ष की छह महिलाएं भी घायल हुई हैं। बवाल में तीन वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। ग्राम पंचायत बूंदीभूड़ में शासन की ओर से शराब की दुकान आवंटित की गई थी। ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। बुधवार से दुकान का संचालन शुरू होने के बाद महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान बंद कराने की मांग को लेकर एकत्र हो गईं। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रमेश कुमार, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, सीओ प्रतीक दहिया, इंस्पेक्टर अशोक पाल सिंह, आबकारी विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
#CityStates #Pilibhit #CrimeNews #UpPolice #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 22:43 IST
UP: पीलीभीत में शराब की दुकान खुलने पर बवाल, महिलाओं ने बोतलें तोड़ीं, अफसरों को लाठियों से पीटा #CityStates #Pilibhit #CrimeNews #UpPolice #VaranasiLiveNews
