यूपी: अंकित के लैपटॉप से मिलीं 17 लाख और ई-मेल, बांग्लादेश से दी गई थीं अमिताभ का घर उड़ाने की धमकी

पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोगों को ई-मेल बेचने वाले अंकित संखवार के लैपटॉप आदि से 17 लाख और ई-मेल मिली हैं। ये ई-मेल भी आरोपी ने बेची थीं। वहीं, जांच में एक और खुलासा हुआ है कि पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में प्रस्तावित कॉन्सर्ट और मुंबई में अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल बांग्लादेश से भेजे गए थे। ये ई-मेल भी अंकित ने ही बेची थीं। एटीएस ने 28 अक्तूबर को कानपुर निवासी अंकित को गिरफ्तार किया था। उस वक्त खुलासा किया गया था कि नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई और दिलजीत के दिल्ली वाले शो में धमाका करने की धमकी जिन ई-मेल के जरिये दी गई थी, उन्हें अंकित ने बनाया था। ये ई-मेल उसने पाकिस्तानियों और बांग्लादेशियों को बेची थीं। धमकियां वहीं से दी गई थीं। उस वक्त उसके मोबाइल और अन्य सिस्टम से पांच लाख ई-मेल बरामद हुई थीं। एटीएस के सूत्रों के मुताबिक, जब उसके पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई और डाटा रिकवर कराया गया तो उसमें 17 लाख और ई-मेल मिलीं। जांच एजेंसी का कहना है कि बहुत बड़े पैमाने पर खेल किया गया है। इसलिए गहनता से जांच की जा रही है। उधर, ग्वालियर के न्यायालय परिसर को मिली धमकी के मामले में भी इस नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, जांच एजेंसी ने 22 लाख ई-मेल बंद करने केलिए गूगल को पत्र लिखा है, जिससे पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोग इन ईमेल का इस्तेमाल न कर सकें। रिमांड पर खुलेंगे नेटवर्क के राज एटीएस अब अंकित को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर दोबारा पूछताछ करने की तैयारी में है। उससे ई-मेल आईडी खरीदने वालों, विदेशी संपर्कों और क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही यह पता लगाया जाएगा कि बेची गई ई-मेल आईडी से देश में कितनी जगह धमकियां भेजी गईं और इनके पीछे कौन लोग हैं। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि अंकित के साथ इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल थे।

#CityStates #Lucknow #UttarPradesh #AnkitSankhwar #SuspiciousMailFromAnkitSankhwar #ThreatToAmitabhBachchan #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 13, 2026, 03:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




यूपी: अंकित के लैपटॉप से मिलीं 17 लाख और ई-मेल, बांग्लादेश से दी गई थीं अमिताभ का घर उड़ाने की धमकी #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #AnkitSankhwar #SuspiciousMailFromAnkitSankhwar #ThreatToAmitabhBachchan #VaranasiLiveNews