बिहार: शोरूम से 6.50 लाख की ज्वेलरी चोरी कर निकली, दूसरी जगह कैसे पकड़ी गई? कौन है वह

बक्सर शहर के पीपी रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में खरीदारी के बहाने तीन सोने की चेन चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी गई चेन का कुल वजन करीब 45 ग्राम और बाजार मूल्य लगभग 6.50 लाख रुपये बताया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नगर थाना पुलिस ने शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक युवती को कल्याण ज्वेलर्स से हिरासत में लिया। पुलिस युवती से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। घटना 27 नवंबर की दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवती किसना डायमंड एंड गोल्ड शोरूम में आभूषण खरीदने के बहाने पहुंची थी। उसने सेल्समैन से अलग-अलग डिजाइन की चेन दिखाने को कहा और उसे बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान कथित तौर पर तीन सोने की चेन लेकर शोरूम से निकल गई। युवती के जाने के बाद शोरूम प्रबंधन को आभूषण गायब होने का संदेह हुआ। इसके बाद मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें युवती की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। शोरूम प्रबंधन ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस फुटेज के आधार पर युवती की तलाश में जुट गई। इसी बीच शनिवार शाम करीब आठ बजे उसी हुलिए की एक युवती कल्याण ज्वेलर्स में आभूषण खरीदने पहुंची। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रात करीब 9:30 बजे उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस युवती को शोरूम के बगल वाली गली से बाहर लेकर आई। उस समय उसने हल्के गुलाबी रंग का सलवार सूट और गुलाबी दुपट्टा पहन रखा था। उसके हाथ में ग्रे रंग का जूट का थैला भी था। इसके बाद पुलिस उसे वाहन से नगर थाना ले गई। शोरूम प्रबंधन की ओर से नगर थाना में लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की विधिवत जांच की जाएगी।

#CityStates #Crime #Bihar #Patna #BiharNews #BuxarNews #BuxarUpdates #TheftInBuxar #JewelryShowroomTheft #GoldChainTheft #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 29, 2026, 08:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बिहार: शोरूम से 6.50 लाख की ज्वेलरी चोरी कर निकली, दूसरी जगह कैसे पकड़ी गई? कौन है वह #CityStates #Crime #Bihar #Patna #BiharNews #BuxarNews #BuxarUpdates #TheftInBuxar #JewelryShowroomTheft #GoldChainTheft #VaranasiLiveNews