Chamba News: सरोल पंचायत में अघोषित कट बने आफत

सरोल (चंबा)। सरोल पंचायत के तहत कुछ गांवों में पिछले कुछ दिन से बिजली के अघोषित कटों ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। विद्युत उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले बोर्ड प्रबंधन की ओर से क्षेत्र में बिजली की लाइन बिछाने समेत अन्य कार्य करने के लिए निर्धारित बिजली कट लगाए जाते रहे। इसमें लोगाें ने भी बोर्ड प्रबंधन का सहयोग किया लेकिन, अब बीते कुछ दिन से बिना जानकारी के ही बिजली कट लगाए जा रहे हैं। इससे खासकर गृहिणियों, बीमार लोगों और बुजुर्गों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। विद्युत बोर्ड प्रबंधन को चेताते हुए लोगों ने साफ किया है कि जल्द बिजली कट बंद न हुए तो वे बोर्ड कार्यालय में आकर अधिकारी का घेराव करने से भी पीछे नहीं रहेंगे। ग्रामीणों साहिल, दीपक कुमार, अंशु, तानिश, डॉ. चंद्र मोहन, राहुल कुमार आदि ने बताया कि सरोल पंचायत के घोल्टी, सरोल और मुख्य बाजार में बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। बिजली की आंखमिचौनी से उन्हें परेशानी हो रही है। हर बार की तरह जब भी गर्मी का मौसम शुरू होता है या सर्दी का मौसम आता है तो बिजली बोर्ड का यह कारनामा सामने आता ही है। बताया कि बिजली कट लगने से इलेक्ट्रीशियन का काम करने वाले दुकानदारों का कारोबार चौपट हो जाता है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिजली के अघोषित कटों के बजाय किसी प्रकार की तकनीकी खराबी आने पर ही बिजली चंद मिनट के लिए बंद की जाती है। बहरहाल, समस्या का समाधान करवा दिया गया है।

#UnannouncedCutsBecomeADisasterInSarolPanchayat #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 13, 2026, 18:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: सरोल पंचायत में अघोषित कट बने आफत #UnannouncedCutsBecomeADisasterInSarolPanchayat #VaranasiLiveNews