UP: पीलीभीत में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने दो युवकों को कुचला, सुबह मिले शव

न्यूरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात टनकपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। बुधवार सुबह सड़क किनारे शव पड़े मिलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसा रामजानकी पेट्रोल पंप के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, ग्राम सड़ा निवासी 28 वर्षीय रंजीत सोनकर पुत्र राजेंद्र तथा 25 वर्षीय अरविंद राजपूत पुत्र ओमप्रकाश मंगलवार रात किसी कार्य से न्यूरिया आए थे। देर रात दोनों एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना सुनसान स्थान पर होने के कारण देर रात तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे दोनों के शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक मनीष चौरसिया ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर क्षेत्राधिकारी नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। रंजीत सोनकर विवाहित थे। उनकी पत्नी माया देवी को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वह बदहवास हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अरविंद राजपूत की मौत से भी परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

#CityStates #Pilibhit #UpNews #UpRoadAccident #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 08, 2026, 15:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP: पीलीभीत में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने दो युवकों को कुचला, सुबह मिले शव #CityStates #Pilibhit #UpNews #UpRoadAccident #VaranasiLiveNews