टैंकर-पुलिस गाड़ी की जोरदार भिड़ंत: गुरुग्राम में दो पुलिसकर्मियों की गई जान, तीसरे की हालत नाजुक
गुरुग्राम में एक भीषण सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना फर्रुखनगर के खेड़ा खुर्मुपुर के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार टैंकर और पुलिस की ईआरवी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, ईआरवी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और अनिल गश्त पर थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक टैंकर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ईआरवी के परखच्चे उड़ गए और दोनों हेड कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक दोनों पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी थी। इस हादसे में ईआरवी पर सवार तीसरे पुलिसकर्मी, कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतक हेड कॉन्स्टेबलों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
#CityStates #Gurugram #GurugramAccident #GurugramHindiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 08:42 IST
टैंकर-पुलिस गाड़ी की जोरदार भिड़ंत: गुरुग्राम में दो पुलिसकर्मियों की गई जान, तीसरे की हालत नाजुक #CityStates #Gurugram #GurugramAccident #GurugramHindiNews #VaranasiLiveNews
