परिवहन: दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की तैयारी तेज, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ सुरंग का काम जल्द होगा शुरू
दिल्ली से हरियाणा के पानीपत और करनाल तक नमो भारत ट्रेन चलाने की परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 33,051 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस कॉरिडोर के दिल्ली वाले हिस्से में निर्माण से पहले जमीन की मजबूती की जांच की जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) सराय काले खां से सिंघु बॉर्डर तक जमीन की भार वहन क्षमता का आकलन कराएगा। इसके लिए निगम ने शुरुआती पाइल लोड टेस्ट की निविदा जारी की है। इस काम को पूरा करने के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षण के जरिए पता लगाया जाएगा कि जमीन के भीतर प्रस्तावित नींव कितना भार सहन कर सकती है। साथ ही खंभों, पुलों और अन्य संरचनाओं के निर्माण के लिए मिट्टी की प्रकृति और नींव की आवश्यक गहराई का आकलन किया जाएगा। जांच के नतीजों के आधार पर निर्माण की तकनीकी योजना तैयार होगी। दिल्ली में घनी आबादी, व्यस्त सड़कों और भूमिगत सेवाओं के बीच कॉरिडोर विकसित किया जाना है। ऐसे में निर्माण शुरू होने से पहले जमीन की स्थिति का आकलन परियोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर की लंबाई 136.30 किलोमीटर होगी। यह दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए सोनीपत, पानीपत और करनाल तक पहुंचेगा। इसके लिए दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समानांतर मार्ग विकसित करने की योजना है। कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें अधिकांश स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि कश्मीरी गेट स्टेशन भूमिगत बनाया जाएगा। दिल्ली में इस कॉरिडोर के छह स्टेशन होंगे। इनमें इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, झरोदा माजरा, भलस्वा, अलीपुर और नरेला शामिल हैं। कश्मीरी गेट को छोड़कर बाकी पांच स्टेशन एलिवेटेड होंगे। इन स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से जोड़ने की योजना है। सराय काले खां बनेगा क्षेत्रीय परिवहन का बड़ा केंद्र सराय काले खां को क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के अलावा प्रस्तावित दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी-अलवर कॉरिडोर भी जुड़ेगा। इससे अलग-अलग शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और परिवहन के साधन बदलने की जरूरत कम होगी। परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रतिघंटा प्रस्तावित कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्ली से पानीपत का सफर करीब एक घंटे और करनाल का सफर लगभग 90 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। ट्रेन की अधिकतम डिजाइन गति 180 किलोमीटर प्रतिघंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रतिघंटा प्रस्तावित है। इससे कुंडली, सोनीपत, मुरथल, गन्नौर, समालखा और पानीपत जैसे औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की दिल्ली से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसका लाभ नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और कारोबारियों को भी मिल सकता है। 2030 तक पूरा करने का है लक्ष्य हरियाणा सरकार ने इस कॉरिडोर को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति के दायरे में शामिल किया है। इससे प्रस्तावित स्टेशनों के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और अन्य विकास गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। खासकर सोनीपत, पानीपत और करनाल में नए आर्थिक अवसर विकसित हो सकते हैं। परियोजना को लगभग 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करनाल तक विस्तार के साथ इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में तकनीकी बदलाव भी शामिल किए गए हैं। फिलहाल निर्माण से पहले जमीन की जांच और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
#CityStates #DelhiNcr #Jammu #Delhi #Transport #Delhi-panipat-karnalNamoBharatCorridor #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 26, 2026, 01:08 IST
परिवहन: दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की तैयारी तेज, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ सुरंग का काम जल्द होगा शुरू #CityStates #DelhiNcr #Jammu #Delhi #Transport #Delhi-panipat-karnalNamoBharatCorridor #VaranasiLiveNews
