काशी में धमाकों की धमकी से हड़कंप: कचहरी और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को बनाया निशाना, भेजा ई-मेल
जिला न्यायालय परिसर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्रीशचंद्र दुबे को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ई-मेल में दिवाली पर बम धमाके करने के साथ पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। धमकी चार नवंबर को ई मेल पर मिली। चार नवंबर को ही नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर भी काशी के स्कूलों और मंदिरों में धमाके करने की चेतावनी मिली थी। इसमें बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय का भी उल्लेख था। लगातार मिल रही धमकियों के बाद कचहरी, नगर निगम, बीएचयू और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को दोपहर 12:48 बजे जनपद न्यायालय प्रशासन को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (परमार-कनाडा) का नाम इस्तेमाल किया गया है। संदेश में दिवाली पर बम विस्फोट करने और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात कही गई है। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्रीशचंद्र दुबे की शिकायत पर कैंट पुलिस ने धमकी देने और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना इंस्पेक्टर क्राइम राज बहादुर मौर्य को सौंपी गई है।
#CityStates #Varanasi #VaranasiNews #PunjabiSingerDiljitDosanjh #VaranasiLatestNews #VaranasiNewsInHindi #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 06, 2026, 10:06 IST
काशी में धमाकों की धमकी से हड़कंप: कचहरी और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को बनाया निशाना, भेजा ई-मेल #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #PunjabiSingerDiljitDosanjh #VaranasiLatestNews #VaranasiNewsInHindi #VaranasiLiveNews
