Rajgarh: प्यास से बेहाल कलालपुरा, हाईवे-52 पर ग्रामीणों ने मटके फोड़कर किया चक्काजाम; घंटों थमी रही रफ्तार

राजगढ़ में बूंद-बूंद को तरसते कलालपुरा के ग्रामीणों का सब्र रविवार को जवाब दे गया। राजगढ़-ब्यावरा के बीच हाईवे-52 पर पीपलबे-कलालपुरा के पास सैकड़ों ग्रामीण मटके और बर्तन लेकर सड़क पर उतर आए। पानी की किल्लत से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री घंटों धूप में फंसे रहे, लेकिन मौके पर प्रशासन और पुलिस का कोई अफसर नहीं पहुंचा। रबीबर को सुबह महिलाएं, बुजुर्ग और युवा खाली मटके-बाल्टी लेकर हाइवे पर बैठ गए। पानी दो या सड़क पर ही मरने दो के नारे गूंजने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो महीने से गांव में पेयजल संकट गहराया हुआ है। नल-जल योजना के नल सूखे पड़े हैं। हैंडपंप जवाब दे चुके हैं। टैंकर की व्यवस्था भी नियमित नहीं है। मजबूरी में लोगों को 2-3 किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। चक्काजाम के कारण हाइवे के दोनों ओर ट्रकों, बसों और निजी वाहनों की 3 किमी लंबी लाइन लग गई। भीषण गर्मी में यात्री पानी के लिए तरस गए। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही, जिसे ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए रास्ता दिया। बच्चे के साथ 2 घंटे से फंसे हैं। न पानी है, न छाया। प्रशासन को सुध लेनी चाहिए, इंदौर जा रहे यात्री सुनील वर्मा ने बताया। हैरानी की बात यह रही कि दो घंटे से ज्यादा समय तक चले जाम के दौरान कोई प्रशासनिक अधिकारी या पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। ग्रामीण नेता रामस्वरूप दांगी ने कहा, कई बार जनपद और पीएचई विभाग को ज्ञापन दिया। हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। अब आर-पार की लड़ाई होगी। ये भी पढ़ें-MP: शहडोल में मां ने तीन बेटियों को पिलाया जहर, दूसरी घटना में कुएं में डूबे चाचा-भतीजे; 6 मौतों से दहला इलाका कलालपुरा में करीब 400 परिवार रहते हैं। गांव में लगे 6 में से 4 हैंडपंप पूरी तरह सूख चुके हैं। दो हैंडपंप से खारा पानी निकलता है जो पीने लायक नहीं है। नल-जल योजना की टंकी में महीनों से पानी नहीं आया। गर्मी बढ़ने के साथ कुएं-तालाब भी सूख गए हैं। महिलाएं तड़के 4 बजे उठकर पानी की तलाश में निकलती हैं। करीब ढाई घंटे बाद ग्रामीणों ने खुद ही जाम खोला, लेकिन चेतावनी दी कि 3 दिन में स्थायी समाधान नहीं हुआ तो हाइवे अनिश्चितकाल के लिए बंद करेंगे। ग्रामीणों की मांग है कि गांव में तत्काल टैंकरों से जलापूर्ति शुरू की जाए और नल-जल योजना को दुरुस्त कर हर घर तक पानी पहुंचाया जाए। हाइवे-52 पर पानी, सड़क और मुआवजे को लेकर आए दिन चक्काजाम की घटनाएं बढ़ रही हैं। लेकिन हर बार प्रशासन की लेटलतीफी से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है। समय रहते जनसमस्याओं का निराकरण न होना अब कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन रहा है।

#CityStates #MadhyaPradesh #Rajgarh #RajgarhNews #WaterCrisis #HindiNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 31, 2026, 12:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rajgarh: प्यास से बेहाल कलालपुरा, हाईवे-52 पर ग्रामीणों ने मटके फोड़कर किया चक्काजाम; घंटों थमी रही रफ्तार #CityStates #MadhyaPradesh #Rajgarh #RajgarhNews #WaterCrisis #HindiNews #VaranasiLiveNews