बीकेआई की बड़ी साजिश नाकाम: चंडीगढ़ में तीन ठिकानों पर था धमाके और फायरिंग का प्लान, एनआईए ने मांगे इनपुट

चंडीगढ़ को दहलाने की बड़ी साजिश को पुलिस ने वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया। खुफिया इनपुट के मुताबिक बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के मॉड्यूल ने शहर में तीन अलग-अलग ठिकानों पर ब्लास्ट और फायरिंग की योजना तैयार की थी। इसके निशाने पर सेक्टर-37 का पंजाब भाजपा कार्यालय, सेक्टर-9 में पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कोठी और पंजाब पुलिस मुख्यालय था। पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर ट्रैप लगाकर तीन आरोपियों को आईईडी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने चंडीगढ़ पुलिस से पूरे मामले के इनपुट मांगे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी विदेश में बैठे बीकेआई हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी लवप्रीत सिंह और जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप तथा अमृतसर निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ के रूप में हुई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि तीनों को टारगेट की जानकारी किसने दी, विस्फोटक और हथियार कहां से पहुंचे और चंडीगढ़ में इनके स्थानीय संपर्क कौन-कौन थे। पांच किलो जिलेटिन, डेटोनेटर और रिमोट डिवाइस बरामद चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब पांच किलो जिलेटिन की छड़ें, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स और दूर से संचालित होने वाला उपकरण बरामद किया है। इसके अलावा एक पिस्टल, एक मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद विस्फोटक और हथियार किस उद्देश्य से लाए गए थे और इन्हें किन ठिकानों तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि विस्फोटक सामग्री की सप्लाई किस नेटवर्क के जरिये हुई। पुलिस को आशंका है कि विस्फोटक तरनतारन में सीमा पार से उपलब्ध कराए गए थे। इसकी पुष्टि के लिए सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। खुफिया इनपुट पर बढ़ाई निगरानी, ट्रैप लगाकर दबोचे पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस यूनिट को बीकेआई मॉड्यूल की गतिविधियों से जुड़े लगातार इनपुट मिल रहे थे। ये इनपुट चंडीगढ़ पुलिस के साथ साझा किए जा रहे थे। इसके बाद संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई और पुलिस टीमों ने ट्रैप लगाकर तीनों आरोपियों को वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उनके साथ और कौन लोग जुड़े हुए थे और चंडीगढ़ में उन्हें स्थानीय स्तर पर किस तरह की मदद मिल रही थी।

#CityStates #Chandigarh-punjab #Chandigarh #ExplosionPlanInChandigarh #Bki #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 24, 2026, 23:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बीकेआई की बड़ी साजिश नाकाम: चंडीगढ़ में तीन ठिकानों पर था धमाके और फायरिंग का प्लान, एनआईए ने मांगे इनपुट #CityStates #Chandigarh-punjab #Chandigarh #ExplosionPlanInChandigarh #Bki #VaranasiLiveNews