Panipat News: नशीला स्प्रे छिड़ककर एक दुकान और पांच घरों में लाखों की चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी सनौली। यमुना से सटे नगला-आर गांव में शनिवार देर रात शातिर चोरों ने नशीला पदार्थ छिड़ककर एक दुकान और पांच मकानों में लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब लोग जागे तो कई बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां आने लगीं। सूचना पर पहुंची सनौली थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।गांव निवासी आजाद ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मनीषा की घर के बाहर कॉस्मेटिक की दुकान है। शनिवार रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। रविवार तड़के जब मनीषा उठीं तो उन्हें सिर भारी महसूस हुआ। दुकान पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ताले टूटे हुए थे। गल्ले से करीब 20 हजार रुपये नकद गायब थे, जो मकान निर्माण के लिए जमा किए गए थे। इसके अलावा घर से तीन मोबाइल फोन भी चोरी हो गए, जिनमें दो एंड्रॉयड फोन शामिल हैं।आजाद ने बताया कि सुबह परिवार के कई सदस्यों- पत्नी मनीषा, पिता राम सिंह और बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां आने लगीं। आशंका जताई जा रही है कि किसी नशीले पदार्थ के छिड़काव के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के अन्य ग्रामीणों ने भी अपने घरों की जांच की तो एक के बाद एक कुल पांच घरों और एक दुकान में चोरी की पुष्टि हुई। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर सनौली थाना प्रभारी अजय पुलिस टीम के साथ पहुंचे। रणसिंह प्रजापत ने बताया कि उनके मकान का ताला टूटा मिला और मोटरसाइकिल दूसरे स्थान पर खड़ी मिली। वे रात के समय आवाज होने पर उठे थे। उस समय बाहर से कुछ आवाज सुनी थी। वे फिर वापस सो गए थे। अशोक राठी ने बताया कि उनके मकान से दो मोबाइल चोरी कर ले गए। धन्ना सोलंकी ने बताया कि उनके घर से एक मोबाइल चोरी किया है। नवादा-आर के धन्ना, रणसिंह व आजाद ने बताया कि घरों में नशीले पदार्थ का छिड़काव कर वारदात को अंजाम दिया गया है। इस तरह के माहौल से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। पुलिस प्रशासन से रात के समय गांव में गश्त कराने की मांग की है।नवादा-आर गांव में एक दुकान व दो-तीन मकानों में चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। संदिग्धों को चिह्नित किया जा रहा है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अजय, प्रभारी, थाना पुलिस सनौली खुर्द।
#TheftWorthLakhsInAShopAndFiveHousesAfterSprayingAnIntoxicatingSubstance. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 02:51 IST
Panipat News: नशीला स्प्रे छिड़ककर एक दुकान और पांच घरों में लाखों की चोरी #TheftWorthLakhsInAShopAndFiveHousesAfterSprayingAnIntoxicatingSubstance. #VaranasiLiveNews
