Mandi News: सफर रहा अधूरा, किराया वसूल लिया पूरा
बीच रास्ते में हांफ गईं परिवहन निगम की तीन बसेंयात्रियों को निजी टैक्सियों से करना पड़ा आगे का सफर संवाद न्यूूज एजेंसीचंबा। परिवहन निगम के चंबा डिपो की बसों के बीच रास्ते में खराब होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लंबे रूट हों या स्थानीय रूट, आए दिन बसों के बीच सफर में जवाब दे देने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि बस खराब होने के बावजूद यात्रियों को उनका किराया नहीं लौटाया जाता। उन्हें आगे का सफर पूरा करने के लिए टैक्सी या निजी बसों का सहारा लेना पड़ता है। चंबा डिपो की प्रतिदिन दो से तीन बसें अलग-अलग रूटों पर बीच रास्ते में खराब हो रही हैं। मंगलवार को भी चंबा-पनेला, चंबा-जम्मुहार और चंबा-कोलका रूटों पर चलने वाली बसें बीच रास्ते में ही खराब हो गईं। बसों के खराब होने से आगे का सफर यात्रियों को निजी बसों, टैक्सियों या अन्य वाहनों से तय करना पड़ा।यात्रियों आशा कुमारी, मनीषा कुमारी, सपना देवी, सूरज कुमार, शशि पाल, देवराज आदि ने बताया कि परिवहन निगम एक ओर पूरा किराया वसूलता है लेकिन सेवा पूरी न मिलने के बावजूद किराया वापस करने का कोई प्रावधान नहीं है। मजबूरी में उन्हें दूसरी बस या टैक्सी का किराया अलग से चुकाना पड़ता है। चंबा से चंडीगढ़ जैसे लंबे रूट पर यात्रियों से सैकड़ों में किराया लिया जाता है लेकिन यदि बस बीच रास्ते में खराब हो जाए तो किराया वापस नहीं किया जाता। इससे यात्रियों को दोहरी मार झेलनी पड़ती है। यात्रियों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि लंबे समय से खराब स्थिति में चल रहीं बसों की जगह बेहतर और फिट बसें रूटों पर भेजी जाएं। यदि किसी कारणवश बस बीच रास्ते में खराब हो जाती है तो यात्रियों को किराया वापस करने अथवा वैकल्पिक परिवहन की निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए। चंबा डिपो के अड्डा प्रभारी सरदार मोहम्मद ने बताया कि बस खराब होने की स्थिति में किराया वापस नहीं किया जाता। यह निगम का पहले से निर्धारित नियम है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को खराब हुईं बसों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा रूट पर भेज दिया गया है।
#TheJourneyRemainedIncomplete #YetTheFullFareWasCollected. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 16:39 IST
Mandi News: सफर रहा अधूरा, किराया वसूल लिया पूरा #TheJourneyRemainedIncomplete #YetTheFullFareWasCollected. #VaranasiLiveNews
