सीधी में सनसनी: सात साल बाद जेल से लौटा आरोपी फिर बना हत्यारा, महिला की हत्या के बाद गांव में बवाल
सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोंडी में गुरुवार सुबह इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई, जहां 55 वर्षीय राजवंती जायसवाल की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। आरोप गांव के ही रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे और उसकी पत्नी सुशीला विश्वकर्मा पर लगा है। जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि राजवंती जायसवाल दवाई कराने के लिए जा रही थीं, तभी आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा अचानक उन पर टूट पड़ा और डंडे से सिर एवं गले पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। मृतका के परिजनों का आरोप है कि इस दौरान आरोपी की पत्नी सुशीला विश्वकर्मा ने राजवंती को पकड़ रखा था, जिससे वह खुद को बचा नहीं सकीं। गंभीर चोटों के कारण महिला की हालत बिगड़ गई और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ये भी पढ़ें-फिल्मी अंदाज में मुठभेड़:पुलिस पर ताबड़तोड़ चार फायर कर भाग रहे थे राजस्थान के तस्कर, घेराबंदी कर दबोचा मृतका के बेटे अशोक जायसवाल ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी मां और आरोपी महिला सुशीला विश्वकर्मा के बीच बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। अशोक का आरोप है कि सुशीला ने अपने पति को उकसाकर उसकी मां की हत्या करवाई है। घटना की सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि आरोपी की पत्नी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा भड़क उठा। दोपहर करीब 2 बजे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सीधी-हनुमानगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और प्रदर्शनकारी एक ही मांग पर अड़े रहे कि महिला आरोपी को भी तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा पहले भी अपने भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह करीब सात साल की सजा काटकर एक महीने पहले ही गांव लौटा था और अब फिर हत्या की वारदात से इलाके को दहला दिया। थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश देने में जुटी हुई है।
#CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Sidhi #Crimenews #Sidhinews #Mpnews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 15:40 IST
सीधी में सनसनी: सात साल बाद जेल से लौटा आरोपी फिर बना हत्यारा, महिला की हत्या के बाद गांव में बवाल #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Sidhi #Crimenews #Sidhinews #Mpnews #VaranasiLiveNews
