Jhajjar-Bahadurgarh News: राहत की टपकीं बूंदें, सड़कों पर पानी का सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी बहादुरगढ़। कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच वीरवार सुबह हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। सुबह करीब 6: 45 बजे शुरू हुई बारिश तकरीबन 9 बजे तक होती रही। चार एमएम बारिश दर्ज की गई। तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर की कई निचली कॉलोनियों और सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। मौसम विभाग ने 4 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई है। वीरवार सुबह लोग सोकर उठे तो काले बादल छाए थे। करीब पौने सात बजे अचानक बूंदाबांदी शुरू हुई और देखते ही देखते बारिश तेज हो गई। वहीं सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों को बारिश के कारण रास्ते में रुकना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालकों ने मेट्रो ट्रैक और दुकानों के शेड के नीचे खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते रहे। शहर के मुख्य बाजारों और कई कॉलोनियों में गलियां पानी से लबालब हो गईं। इनमें धर्म विहार, विवेकानंद नगर, झील मोहल्ला, बाग वाला मोहल्ला, सेक्टर-6, बराही फाटक आदि रहे। निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को घरों से निकलने में दिक्कत हुई। कुछ स्थानों पर नालियों का पानी भी सड़कों पर आ गया। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। पार्कों और सड़कों पर भी मौसम का आनंद लेने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ी। कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. सुनील कौशिक ने बताया कि वीरवार को 4 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार 4 जुलाई तक बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। बारिश का यह दौर जारी रहने पर तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।
#TemporaryExtensionOfMadar-Rewari-MadarSpecialTrainUpToRohtak;WillAlsoHaltAtJhajjar. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 16:11 IST
Jhajjar-Bahadurgarh News: राहत की टपकीं बूंदें, सड़कों पर पानी का सैलाब #TemporaryExtensionOfMadar-Rewari-MadarSpecialTrainUpToRohtak;WillAlsoHaltAtJhajjar. #VaranasiLiveNews
