Rishikesh News: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में रही रौनक

ऋषिकेश। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बाजारों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही घाट रोड बाजार, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड, तिलक रोड, पुष्कर मंदिर मार्ग आदि बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पूजा-सामग्री माता की चौकी, चुनरी, कलावा, धूप-बत्ती, और कलश स्थापना की आवश्यक सामग्री के लिए दुकानों में भीड़ लगी रही। नवरात्रि के नौ दिनों के उपवास को ध्यान में रखते हुए लोगों ने बाजारों में सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मखाना, और व्रत में खाए जाने वाले फलों की खरीदारी की। वहीं शहर के प्रमुख मंदिरों को भी भव्य रूप से सजाया गया है। सुबह से ही मंदिरों में भजन कीर्तन से क्षेत्र भक्तिमय रहा। त्रिवेणी घाट, गोपाल मंदिर, मनीराम रोड स्थित श्रीदुर्गा शक्ति मंदिर में भजन कीर्तन चलता रहा। वहीं भद्रकाली मंदिर को भी फूल मालाओं से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी दर्शन की बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं भद्रकाली डोली का आशीर्वाद लेने के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पंडित वेद शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना की जाती है।माता की भेंटों पर झूमे श्रद्धालु, प्रतिदिन सजेगी दुखभंजन चौकीऋषिकेश। श्री दुर्गा शक्ति मंदिर में आयोजित माता की चौकी में भजन गायक पंडित ज्योति शर्मा ने मां दुर्गा की भेंटों की श्रृंखलाबद्ध प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। गुफा से बाहर आजा तेरे नवरात्रे आए, सकल जगत में मां सुखदायक तेरा नाम, अंगना पधारो मेरी मां आदि भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर समिति के अनुसार, नवरात्र के दौरान प्रतिदिन रात्रि नौ बजे से दुखभंजन चौकी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर संदीप मल्होत्रा, ज्योति शर्मा, सतीश कक्कड़, अमृतलाल नागपाल, राजेश रावल, पंकज चावला आदि मौजूद रहे।

#TemplesAbuzzWithActivityDuringSharadiyaNavratri #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 11, 2026, 15:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rishikesh News: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में रही रौनक #TemplesAbuzzWithActivityDuringSharadiyaNavratri #VaranasiLiveNews