Mandi News: कोटली स्कूल के बाहर दलदल में फिसल रहे विद्यार्थी
कोटली (मंडी)। नेशनल हाईवे 3 के कार्य की धीमी गति ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली के विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश होने पर पाठशाला के प्रवेश द्वार के बाहर सड़क दलदल में तबदील हो रही है। पाठशाला में पढ़ने आने वाले विद्यार्थी दलदल की चपेट में आने से फिसल रहे हैं।दूसरी ओर कीचड़ से लबालब सड़क पर जब भारी वाहन गुजरते हैं तो आसपास स्थित दुकानों में भी कीचड़ उछलकर भर जाती है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और कई बार उन्हें अपनी दुकानों के आगे खुद सफाई करनी पड़ रही है। व्यापारियों के अनुसार धूल और कीचड़ के कारण उनका सामान खराब होने का भी खतरा बना रहता है।स्थानीय निवासियों और स्कूल प्रबंधन ने संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों और आम जनता को राहत मिल सके।विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिभा वैद्य ने बताया कि एसडीएम की ओर से इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इधर, एसडीएम जगदीश चंद ने बताया कि गाबर कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ बात करके उनको इस पानी को ड्रेनेज के माध्यम से निकालने का आदेश दिया है। वहीं, गाबर कंपनी के अधिकारी मनप्रीत बाजवा ने बताया कि एनएच निर्माण कार्य के कारण कुछ स्थानों पर लोगों को असुविधा हो रही है। कोटली में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बाहर पानी की निकासी की उचित व्यवस्था कर जल्दी समस्या का समाधान किया जाएगा।कई दिनों से यह समस्या बनी हुई है। महिलाओं को सड़क पार करने में समस्या आती है लेकिन इस तरफ ध्यान देने वाला कोई नहीं है।-सुरेंद्र कुमार, दुकानदारहमने कई बार बच्चों को कीचड़ में फिसल कर गिरते हुए देखा है। वाहनों के चलने से कीचड़ उनकी दुकान में पहुंच रहा है। इससे दुकानों में सामान खराब हो रहा है। -रूप सिंह, सब्जी कारोबारीदलदल के कारण ग्राहक उनकी दुकान की तरफ आने से कतराते हैं। कीचड़ में गिरने से लोगों के कपड़े भी खराब हो रहे हैं। एनएच का निर्माण करने वाली कंपनी को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -विक्की पालसरा, स्टेशनरी विक्रेता।
#MandiNews #MandiTodayNews #MandiUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 23:17 IST
Mandi News: कोटली स्कूल के बाहर दलदल में फिसल रहे विद्यार्थी #MandiNews #MandiTodayNews #MandiUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews
